श्री राम बारात के लिए संभाली सफाई की कमान:नगर निगम ने मार्गों पर चूने का छिड़काव कराया, टीम एक्टिव

Oct 12, 2026 - 10:04
0
श्री राम बारात के लिए संभाली सफाई की कमान:नगर निगम ने मार्गों पर चूने का छिड़काव कराया, टीम एक्टिव
मथुरा में श्री राम बारात के पावन अवसर पर रविवार रात प्रभु श्री राम के स्वागत के लिए मथुरा-वृंदावन नगर निगम की ओर से विशेष स्वच्छता व्यवस्थाएं की गईं। बारात निकलने से पूर्व निर्धारित मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सड़कों की साफ-सफाई कराने के साथ ही मार्गों के दोनों ओर चूने का छिड़काव कराया गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके। बारात के दौरान सफाई कर्मचारियों की टीमें लगातार सक्रिय रहीं और मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था संभालती रहीं। श्री राम बारात का निर्धारित मार्ग वृंदावन गेट, लाल दरवाजा मार्ग से प्रारंभ होकर चौक बाजार, द्वारकाधीश और होली गेट होते हुए भरतपुर गेट तक रहा। इस पूरे मार्ग पर नगर निगम की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) को स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई। टीम के सदस्यों ने सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर मार्गों को साफ रखने और कचरे के समुचित संग्रहण की व्यवस्था की। बारात के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक उत्साह के बीच स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की टीमें शोभायात्रा के आगे और पीछे लगातार काम करती रहीं। श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित फूल-मालाओं और अन्य कचरे को एकत्र किया गया, जिससे बारात निकलने के बाद भी मार्गों को साफ और व्यवस्थित रखा जा सके। वहीं, नगर निगम की सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) टीम और प्रोजेक्ट मथुरा की ओर से श्रद्धालुओं, दुकानदारों तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से कचरा डस्टबिन में डालने, सड़कों पर गंदगी नहीं फैलाने और एकल उपयोग वाली प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। अभियान के माध्यम से स्वच्छ ब्रज का संदेश भी दिया गया। इस दौरान क्यूआरटी टीम के प्रोजेक्ट मैनेजर दीपक गौतम, नगर निगम के कर्मचारी और प्रोजेक्ट मथुरा के विपुल अग्रवाल मौजूद रहे। नगर निगम का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही नागरिकों की सहभागिता से मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ और सुंदर बनाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User