SIR के विरोध में 8 अक्टूबर को सपा का प्रदर्शन:मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ खोला मोर्चा, सपा नेता बोले- मतदाता सूची से नाम हटाना गलत
सीतापुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में मतदाताओं के नाम काटे जाने और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर सपा नेताओं ने सवाल उठाए हैं। पार्टी की ओर से आगामी 8 अक्टूबर को शहर के अंबेडकर पार्क में SIR के विरोध में प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया है। रविवार दोपहर 2 बजे मीडिया से बातचीत करते हुए सपा के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने आरोप लगाया कि SIR की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया के हटाया जाना गंभीर विषय है। सपा नेताओं ने निर्वाचन आयोग से नाम काटे जाने की प्रक्रिया और उसके आधार पर तैयार मतदाता सूची को लेकर जवाब मांगा है।
अनूप गुप्ता ने चुनावी प्रक्रिया में ईवीएम को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR और EVM में कथित गड़बड़ियों के कारण चुनाव में जीत का फासला कम हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार चुनावी पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराता रहा है। सपा नेताओं ने कहा कि 8 अक्टूबर को अंबेडकर पार्क में होने वाले प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी SIR के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। प्रदर्शन के जरिए निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची में पारदर्शिता बरतने, हटाए गए नामों की जांच कराने और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की मांग की जाएगी। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)