सिर पर डंडे से वार कर महिला की हत्या:प्रतापगढ़ में पति ने आधे घंटे में 3 बार बदला बयान, पति पर हत्या का शक
प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात मंजू देवी (44) की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उनका शव घर के कमरे में मिला। पति अजय कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि चार नकाबपोश बदमाश लूटपाट के इरादे से घर में घुसे थे और पत्नी पर हमला कर फरार हो गए। हालांकि, पूछताछ के दौरान पति के बार-बार बयान बदलने से पुलिस को घटना पर संदेह हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह और वारदात में किसी की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है। पटहटियाकला गांव निवासी अजय कुमार यादव के मुताबिक, शुक्रवार रात उसकी पत्नी मंजू देवी कमरे में सो रही थी, जबकि वह घर के बाहर बरामदे में सोया था। रात करीब दो बजे चार नकाबपोश बदमाश लूटपाट के इरादे से घर में घुसे। आरोप है कि बदमाशों ने कमरे में सो रही मंजू के सिर पर वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर उसकी नींद खुली तो बदमाश मौके से भाग चुके थे। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में इस कहानी पर संदेह जताया गया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के सिर पर डंडे से चार बार वार किए जाने के निशान मिले हैं। घटना के बारे में पति से लगातार पूछताछ की जा रही है। आधे घंटे में तीन बार बदला बयान, पुलिस को शक पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अजय कुमार यादव ने करीब आधे घंटे में तीन बार अपना बयान बदला। इससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया। पति ने पहले मायके वालों को घटना की जानकारी दी। इसके करीब दो घंटे बाद सुबह चार बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस इस समय अंतराल और पति के बयानों की भी जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, गांव में सनसनी महिला की हत्या की सूचना मिलते ही फतनपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ प्रशांत राज हुड्डा भी फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतका का पति अजय कुमार यादव फतनपुर बाजार में मेडिकल स्टोर चलाता है। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की टाइमिंग शाखा का भी संचालन करता है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या की वजह तलाश रही पुलिस, रिपोर्ट का इंतजार मंजू देवी की मौत के मामले में पुलिस पति के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। चार नकाबपोश बदमाशों के घर में घुसने और हमला करने के दावे की भी जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों को लेकर पुलिस फिलहाल किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)