सीतापुर के तंबौर में अतिक्रमण हटाने की दुकानदारों को चेतावनी:देर रात अफसर बोले- खुद हटा लो अतिक्रमण, नहीं तो चलेगा बुलडोजर
सीतापुर में आदर्श नगर पंचायत तंबौर में सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन ने बुधवार देर शाम करीब 8 बजे सख्त रुख अपनाया है। ईओ सुभाष चंद्र सिंह और थाना प्रभारी बृजेश कुमार राय ने मुख्य काशीपुर बस अड्डे से लेकर रेउसा मोड़ तिराहे तक पैदल भ्रमण कर सड़क किनारे दुकानों का जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों को सड़क की सीमा में रखा सामान और अन्य अतिक्रमण स्वयं हटाने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट किया कि सड़क किनारे सामान फैलाने और अस्थायी निर्माण करने से यातायात प्रभावित होता है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है और कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है। ईओ और थाना प्रभारी ने दुकानदारों से अपील की कि वे स्वयं अपनी दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटा लें और सड़क की सीमा को खाली रखें। निरीक्षण के दौरान एसएचओ बृजेश कुमार राय दुकानदारों को अतिक्रमण से होने वाली समस्याओं के बारे में समझाते नजर आए। उन्होंने दुकानदारों से नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखने की बात कही। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सड़क की सीमा में दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की ओर से साफ कहा गया कि अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को पहले स्वयं सुधार का मौका दिया जा रहा है। यदि इसके बावजूद सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे और अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो नगर पंचायत प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति है। अब देखना होगा कि दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटाते हैं या प्रशासन को बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)