सीतापुर में अज्ञात वाहन ने रिक्शा चालक को रौंदा, मौत:घर लौटते समय लालपुर के पास हादसा, चालक फरार
सीतापुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 10 बजे सड़क हादसे में एक रिक्शा चालक की मौत हो गई। पैदल घर जा रहे रिक्शा चालक को लालपुर के पास पीछे से आए एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मारते हुए रौंद दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम गौरियाकलां निवासी मुन्नालाल (40) पुत्र रामसागर शहर में किराए पर रहकर रिक्शा चलाता था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार देर रात मुन्नालाल अपने घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लालपुर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुन्नालाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल मुन्नालाल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)