सीतापुर में दालमंडी हत्याकांड: मुख्य आरोपी की मां-बहन गिरफ्तार:दुकान विवाद में हुई थी हत्या, 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज; घायल भाई का लखनऊ में उपचार जारी
सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के दालमंडी बाजार में बबलू राठौर की शनिवार दोपहर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर रविवार को पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कल्लू की मां कमलेश और बहन रेनू को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं, मुख्य आरोपी कल्लू समेत अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। परिजनों ने रामसेवक उर्फ बल्ला और पप्पू उर्फ राजीव को भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। मालूम हो कि शहर के दुर्गापुरवा मोहल्ला निवासी बबलू राठौर पुत्र स्वर्गीय रामस्वरूप का अपने ताऊ रामचंद्र के परिवार से बाजार स्थित एक दुकान पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार दोपहर इसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दालमंडी बाजार में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल जारी आरोप है कि रामचंद्र के बेटे कल्लू, उसकी मां कमलेश और बहन रेनू ने लाठी डंडों और धारदार हथियार से बबलू तथा उसके भाई छोटू राठौर पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बबलू की मौत हो गई। छोटू की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में कमलेश और रेनू को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है। वहीं, मुख्य आरोपी कल्लू और अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। घायल छोटू का लखनऊ में उपचार चल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)