सीतापुर में मजदूरी करने गए किशोर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार:पेड़ की डाल काटने को लेकर हुआ था विवाद, बांके से वार करने का आरोप
सीतापुर जिले में मजदूरी करने गए किशोर की बांके से काटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को नाले में फेंक दिया और फरार हो गया। परिजनों की ओर से गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर शनिवार शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। रविवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लहरपुर क्षेत्र में नाले के पास से शव के अवशेष बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मृतक की पहचान तालगांव थाना क्षेत्र के भुलभूलिया गांव के रहने वाले हीरालाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हीरालाल 7 अक्टूबर को मजदूरी करने के लिए लहरपुर गया था। वहां लेबर अड्डे से अकैचनपुर का रहने वाला लवलेश उसे मजदूरी के लिए अपने साथ ले गया था। इसी दौरान खेत में लगे पेड़ की डाल काटने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्साए लवलेश ने बांके से वार कर हीरालाल की हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले में फेंककर मौके से फरार हो गया। उधर, हीरालाल के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 7 अक्टूबर की शाम तालगांव थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस किशोर की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान शनिवार शाम CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने लवलेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर रविवार सुबह लहरपुर क्षेत्र में नाले के पास से शव के अवशेष बरामद किए गए। पुलिस ने अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवार से मिले सपा नेता, बंधाया ढांढस किशोर की हत्या की जानकारी मिलने के बाद सपा नेता संग्राम सिंह पटेल पीड़ित परिवार को सांत्वना देने गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)