सीतापुर में पुजारी की डूबने से मौत:हाथ-पैर बंधे मिले थे, गोमती नदी में मिला शव; जांच जारी

Oct 04, 2026 - 18:20
0
सीतापुर में पुजारी की डूबने से मौत:हाथ-पैर बंधे मिले थे, गोमती नदी में मिला शव; जांच जारी
सीतापुर में संदना थाना क्षेत्र के पिपरी बाबा मंदिर के पुजारी धनीराम की मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी नहीं सुलझ सकी है। रविवार को डॉक्टरों के पैनल से कराए गए पोस्टमार्टम में मौत की वजह पानी में डूबना बताई गई है। हालांकि पुजारी के हाथ-पैर बंधे मिले थे। शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस हत्या, हादसे समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। 29 सितंबर को लापता हुए थे पुजारी ग्राम सेमौरी निवासी 62 वर्षीय धनीराम वर्ष 2010 से पिपरी बाबा मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे। 29 सितंबर को श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो पुजारी वहां नहीं मिले। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। दो दिन बाद गोमती नदी में मिला शव 2 अक्टूबर को धनीराम का शव गोमती नदी से बरामद हुआ। शव के हाथ-पैर बंधे होने की जानकारी सामने आने के बाद मामला संदिग्ध हो गया। सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डूबने से मौत, लेकिन हाथ-पैर बांधने का सवाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि पुलिस के सामने अब भी यह सवाल है कि पुजारी नदी तक कैसे पहुंचे और उनके हाथ-पैर किसने बांधे। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस हादसे के साथ हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। चार पुलिस टीमें जांच में जुटीं घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए एसपी अंकुर अग्रवाल ने चार पुलिस टीमों को लगाया है। टीमें मंदिर और आश्रम में पुजारी के साथ रहने वाले लोगों, वहां आने वाले श्रद्धालुओं और उनके संपर्क में रहने वालों से पूछताछ कर रही हैं। साथ ही 29 सितंबर को लापता होने के बाद पुजारी की गतिविधियों और उनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रिंस सोनकर ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पुजारी की मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User