सीतापुर में रेलवे ट्रैक पर मिला दिहाड़ी मजदूर का शव:मधवापुर-परागपुर के बीच से बॉडी बरामद, शंकरगंज निवासी के रूप में हुई पहचान
सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मधवापुर और परागपुर के बीच रेलवे पटरी पर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। राहगीरों और रेलवे ट्रैक पर तैनात कर्मी की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह रेलवे कर्मी कमलेश कुमार जब ट्रैक की निगरानी कर रहे थे, तभी उनकी नजर मधवापुर और परागपुर के मध्य रेलवे पटरी पर पड़े एक शव पर पड़ी। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सुबह करीब 9:50 बजे उपनिरीक्षक मनोज कुमार पांडेय अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। घटना स्थल पर मौजूद सानू खान नाम के व्यक्ति ने शव की पहचान मोहल्ला शंकरगंज निवासी राजेश कुमार वर्मा (पुत्र लालजी) के रूप में की। कुछ ही देर में शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजेश कुमार वर्मा रेलवे विभाग में पेड़ लगाने का काम दिहाड़ी मजदूरी के तौर पर करता था। परिजनों के मुताबिक, राजेश अत्यधिक नशे का सेवन करने का आदी था और लंबे समय से उसका मानसिक व शारीरिक इलाज भी चल रहा था। वह शनिवार सुबह घर से निकला था, जिसके बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर पाया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतापुर भेज दिया है। उपनिरीक्षक मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशा या किसी दुर्घटना से जुड़ा हो सकता है, लेकिन मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)