समान काम के लिए समान वेतन की मांग:CMO कार्यालय के बाहर एएनएम का धरना, कार्य बहिष्कार की चेतावनी
जालौन में एएनएम कार्यकत्रियों ने शनिवार दोपहर 3 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने समान कार्य के लिए समान वेतन समेत विभिन्न मांगें उठाईं। कार्यकत्रियों ने विभाग पर उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। 12 घंटे तक काम कराने का आरोप एएनएम कार्यकत्रियों ने कहा कि वे रोज करीब 12 घंटे तक काम करती हैं। सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को लागू कराने और विभिन्न लक्ष्य पूरे कराने की जिम्मेदारी भी संविदा एएनएम पर रहती है। उनका आरोप है कि कई बार देर रात तक स्क्रीनिंग और अन्य स्वास्थ्य संबंधी काम करने पड़ते हैं। इसके बावजूद उन्हें करीब 10 हजार रुपए का मानदेय मिलता है। वेतन में अंतर कम करने की मांग एएनएम एकता पटेल ने कहा कि संविदा और नियमित एएनएम से लगभग समान काम लिया जाता है। ऐसे में वेतन में इतना अंतर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविदा एएनएम पर लगातार काम का दबाव रहता है। सरकारी योजनाओं में लक्ष्य देकर जिम्मेदारियां भी सौंपी जाती हैं। बाढ़ में भी क्षेत्र तक पहुंचकर करती हैं काम रामपुर ब्लॉक से आईं एएनएम प्रीति यादव ने बताया कि कई बार कार्यक्षेत्र तक पहुंचने के लिए नदी पार करनी पड़ती है। बाढ़ के दौरान भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए कठिन परिस्थितियों में क्षेत्र में पहुंचकर काम करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। मांग पूरी होने तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी प्रदर्शनकारी एएनएम कार्यकत्रियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन को अपनी प्रमुख मांग बताया। उन्होंने कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)