सम्भल में 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों के बीच विसर्जन:गुरुवार को नरौरा और राजघाट पर श्रद्धालुओं ने नम आंखों से दी विदाई
सम्भल में गुरुवार को 'गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ...' के जयकारों के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से बप्पा को विदाई दी। शाम करीब 4:30 बजे भक्त अपने घरों और पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं को लेकर नरौरा घाट की ओर निकले। शहर के अलग-अलग इलाकों से लाई गई प्रतिमाओं का विसर्जन राजघाट और नरौरा घाट पर हुआ।
नरौरा घाट जा रहे अभिषेक सैनी ने बताया कि 11 दिन तक गणपति की स्थापना के बाद भक्त बप्पा को विधि-विधान से विदाई देते हैं। उन्होंने कहा कि बप्पा से मांगी गई उनकी मन्नत पूरी हो गई है। अभिषेक ने गणेश उत्सव को धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा आयोजन बताया। शहजादी सराय के रहने वाले रोहन ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गुन्नौर-बबराला होते हुए नरौरा घाट पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस बार गणेश उत्सव बहुत उत्साह के साथ मनाया गया। परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की मन्नत मांगने वाले रोहन के साथ करीब 300 से 400 श्रद्धालु विसर्जन यात्रा में शामिल थे। डाक बंगला निवासी नरेश भी गणपति प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता को विदाई दी। इस दौरान घाटों पर भक्तों की भीड़ रही और पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)