समिट बिल्डिंग के टकीला क्लब में आबकारी विभाग का छापा:नकली बारकोड वाली शराब मिली, बीयर के 53 कैन मिले; क्लब मालिक समेत 7 गिरफ्तार
लखनऊ के समिट बिल्डिंग स्थित टकीला क्लब में रविवार रात आबकारी विभाग ने छापा मारा। यहां ग्राहकों को अवैध शराब परोसी जा रही थी। टीम को मौके से शराब की 23 बोतलें और बीयर के 53 कैन मिले। जांच में बोतलों के ढक्कन और कैन पर लगे बारकोड नकली मिले। आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर अरविंद पाल बघेल की तहरीर पर विभूतिखंड पुलिस ने क्लब मालिक समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कम कीमत पर खरीदते थे शराब आबकारी इंस्पेक्टर अरविंद पाल बघेल ने बताया कि रविवार रात वह तिवारीगंज में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें टकीला क्लब में अवैध शराब परोसे जाने की सूचना मिली। इसके बाद वह सेक्टर-5 के इंस्पेक्टर विवेक सिंह और टीम के साथ क्लब पहुंचे। तलाशी के दौरान वहां से 23 बोतल शराब और बीयर के 53 कैन बरामद हुए। जांच में बोतलों के ढक्कन और बीयर के कैन पर लगे बारकोड नकली पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह शराब बाजार के रेट से कम कीमत पर मिलती थी। इससे उन्हें ज्यादा मुनाफा होता था। टीम ने शराब और बीयर समेत पूरा सामान जब्त कर लिया और विभूतिखंड पुलिस को सूचना दी। क्लब मालिक और मैनेजर समेत सात आरोपी पुलिस के मुताबिक, मौके से क्लब मैनेजर अनुराग सिंह, क्लब मालिक मनीष मिश्रा, विशाल सिंह, अमित सिंह, सचिन वर्मा, सिमरन और राहुल को पकड़ा गया। आबकारी इंस्पेक्टर की तहरीर पर सभी सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विभूतिखंड इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)