मेरठ के मंशादेवी मंदिर में चेन लूटती महिला रंगेहाथ पकड़ी:युवक के गले से झपटी चेन, साथी बाइक लेकर भागा
मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित जागृति विहार के मंशा देवी मंदिर में चेन लूट की वारदात सामने आई है। मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक युवक के गले से महिला ने सोने की चेन झपट ली और भागने लगी। युवक के शोर मचाने पर श्रद्धालुओं ने पीछा कर महिला को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटी गई चेन भी बरामद हो गई। वहीं, महिला का साथी बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है। जागृति विहार स्थित मंशा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही थी। रविवार देर रात जितेंद्र अपने परिजनों के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचा था। वह लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक महिला ने उसके गले से चेन झपट ली और मौके से भागने लगी। चेन गायब होने का पता चलते ही जितेंद्र ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद श्रद्धालु महिला के पीछे दौड़ पड़े और उसे घेरकर पकड़ लिया। मंदिर में तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला को अपने कब्जे में ले लिया। महिला पुलिसकर्मी ने उसकी तलाशी ली तो लूटी गई चेन बरामद हो गई। मुजफ्फरनगर में भी दर्ज है चेन लूट का मुकदमा पकड़ी गई महिला की पहचान विद्या पत्नी वीरपाल, निवासी कांधला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ मुजफ्फरनगर में भी चेन लूट का मुकदमा दर्ज है। उसके साथियों की पहचान नौबार, विशाल और मनोज के रूप में बताई गई है। घटना के बाद ये आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। सीओ दीक्षा भौरिया ने बताया कि महिला के साथी मंदिर के बाहर बाइक लेकर उसका इंतजार कर रहे थे। वारदात के बाद महिला को उसी बाइक से फरार होना था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)