'समस्या आपकी, समाधान हमारा' अभियान:आदर्श व्यापार मंडल ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं, आश्वासन दिया
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल द्वारा कानपुर के सनिगवां क्षेत्र स्थित मंगला विहार-2 बाजार में रविवार को ‘समस्या आपकी, समाधान हमारा’ अभियान चलाया गया। जिलाध्यक्ष महेश वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने व्यापारियों से जनसंपर्क कर उनकी बुनियादी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। अभियान के तहत संगठन के पदाधिकारियों ने बाजार में दुकान-दुकान जाकर जनसंपर्क किया। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें बकायदा आवेदन पत्रों पर संकलित किया, ताकि इन समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाकर उनका समाधान कराया जा सके। शौचालय, पेयजल और पार्किंग न होने से भारी परेशानी व्यापारियों ने बाजार में सार्वजनिक शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था न होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि अधिकांश दुकानें किराये पर हैं, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों को शौचालय जाने में भारी परेशानी होती है। पूरे बाजार में पानी की टंकी या हैंडपंप तक की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा, पार्किंग का अभाव होने के कारण भी आए दिन असुविधा का सामना करना पड़ता है। बदहाल सड़कें और चोक नालों से होता है जलभराव व्यापारियों ने बाजार की बदहाल सड़कों और चोक पड़े नालों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और नालों की समुचित सफाई न होने के कारण थोड़ी-सी बारिश में ही भीषण जलभराव हो जाता है। इससे बाजार में आवागमन प्रभावित होता है, जिसका सीधा असर उनके व्यापार पर पड़ता है। अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा मुद्दा अभय गुप्ता सभी समस्याओं को संकलित करने के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष अभय गुप्ता ने व्यापारियों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं को जिलाध्यक्ष महेश वर्मा के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और इनके शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव और प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)