संभल बीजेपी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह यादव बने:बूथ कार्यकारिणी सदस्य से शुरू हुआ राजनीतिक सफर, 2004 में ली थी पार्टी की सदस्यता

Oct 13, 2026 - 13:16
0
संभल बीजेपी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह यादव बने:बूथ कार्यकारिणी सदस्य से शुरू हुआ राजनीतिक सफर, 2004 में ली थी पार्टी की सदस्यता
संभल। भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में नियुक्तियों का सिलसिला तेज कर दिया है। किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री पद पर संभल के विरलेश यादव की नियुक्ति के बाद अब नेत्रपाल सिंह यादव को संभल जिले में किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। असमोली विधानसभा क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी नेत्रपाल सिंह यादव का राजनीतिक सफर बूथ कार्यकारिणी सदस्य से शुरू हुआ था। उन्होंने वर्ष 2004 में भाजपा की सदस्यता ली और इसी साल बूथ कार्यकारिणी के सदस्य बनाए गए। वर्ष 2009 में बूथ अध्यक्ष, 2016 में शक्ति केंद्र संयोजक और 2017 में भाजपा मंडल केला देवी के महामंत्री बने। वर्ष 2019 में उन्हें इसी मंडल का अध्यक्ष बनाया गया। वह 2024 तक इस जिम्मेदारी पर रहे। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी ने जिलाध्यक्षों की सूची जारी की। नेत्रपाल सिंह की नियुक्ति के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरिंदर सिंह रिंकू, विधायक गुलाब देवी, पूर्व विधायक अजीत कुमार राजू और पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल समेत पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। इससे पहले चंदौसी की भाजपा विधायक और प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी की बेटी साक्षी दिवाकर को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया था। इसके बाद असमोली क्षेत्र के रुदायन गांव निवासी विरलेश यादव को किसान मोर्चा का प्रदेश मंत्री और संभल नगर पालिका के सभासद महावीर जाटव को अनुसूचित जाति मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अब नेत्रपाल सिंह को किसान मोर्चा की जिला इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यादव मतदाताओं पर भाजपा की नजर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संभल में भाजपा की इन नियुक्तियों को यादव मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। असमोली और गुन्नौर विधानसभा क्षेत्रों में यादव मतदाता अहम भूमिका निभाते हैं। असमोली से सपा की पिंकी यादव लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं। वहीं, गुन्नौर सीट से रामखिलाड़ी यादव वर्ष 2012 और 2022 में सपा के टिकट पर विधायक बने। पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू ने 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामा था और गुन्नौर सीट से जीत दर्ज कर पार्टी को यहां पहली बार जीत दिलाई थी। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User