संभल कलेक्ट्रेट में जनगणना को लेकर बैठक:बिना दस्तावेज होगी जनगणना, मोबाइल से खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी

Oct 06, 2026 - 20:07
0
संभल कलेक्ट्रेट में जनगणना को लेकर बैठक:बिना दस्तावेज होगी जनगणना, मोबाइल से खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी
सम्भल में जनगणना-2027 में इस बार लोगों से किसी तरह का दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। प्रगणक परिवार के सदस्यों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ही विवरण दर्ज करेंगे। खास बात यह है कि पहली बार लोग मोबाइल ऐप के माध्यम से स्व-गणना भी कर सकेंगे। जनगणना में परिवार के सदस्यों से संबंधित कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। मंगलवार को बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक शाम पांच बजे शुरू हुई और 6:30 बजे संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह ने की। जनगणना निदेशालय लखनऊ से पहुंचे उप निदेशक जनगणना डॉ. गौरव पाण्डेय ने अधिकारियों को जनगणना की तैयारियों और प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 का द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक होगी। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक रिवीजन कार्य चलेगा। इस दौरान दर्ज सूचनाओं का सत्यापन और आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में डिजिटल तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। प्रगणक मोबाइल ऐप के जरिए आंकड़े दर्ज करेंगे। साथ ही नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी। जनगणना में नाम, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, आर्थिक एवं गैर-आर्थिक गतिविधियों समेत विभिन्न पहलुओं से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। डॉ. पाण्डेय ने बताया कि जनगणना संवैधानिक एवं वैधानिक प्रक्रिया है। जनगणना अधिनियम के तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मकानों में प्रवेश करने, मकानों पर नंबर अंकित करने और जनगणना संबंधी सवाल पूछने का अधिकार है। वहीं जनगणना से जुड़ी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्व-गणना के लिए दिनवार रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना को लेकर लोगों में किसी प्रकार का भ्रम न रहे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। बैठक में प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण, गणना ब्लॉकों की व्यवस्था, सामान्य एवं संस्थागत परिवारों तथा बेघर लोगों की गणना को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान एसडीएम सम्भल विकास चन्द्र, चन्दौसी के आशुतोष तिवारी, गुन्नौर के अवधेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर नीरज द्विवेदी, अभिमन्यु कुमार तथा जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनार सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User