संभल में गौवंशीय पशु का शव मिला:तेंदुए की दहशत, वन विभाग ने देखे फुटमार्क; ग्रामीणों से अकेले जंगल न जाने की अपील
संभल में गोवंशीय पशु का शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत मच गई। तेंदुए के हमले से मौत होने की सूचना आसपास के ग्रामीण इलाकों में फैल गई। मंगलवार को 11:30 बजे वन विभाग के रेंजर ने पहुंचकर पगचिन्हों का निरीक्षण किया है। शाम तक हमलावर जानवर की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे जंगल में लगाए जाएंगे। पूरा मामला संभल के जिला मुख्यालय बहजोई से 40 किलोमीटर दूर तहसील संभल के थाना नखासा क्षेत्र के गांव बहरामपुर की मढ़ैया के जंगल का है। मंगलवार सुबह 08 बजे गोवंशीय पशु का शव गांव भदरौला निवासी मनोज के खेत में पड़ा मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पशुओं के लिए चारा लेने पहुंचे गांव भदरौला निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र शीलचंद ने मृत गोवंशीय पशु को देखकर अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि किसी जंगली जानवर ने गोवंशीय पशु को अपना शिकार बनाया है। गौरक्षा दल के कार्यकर्ता गौरव और ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग के डिप्टी रेंजर उस्मान अली टीम के साथ पहुंचे। निरीक्षण कर आसपास मिले पगचिह्नों को देखकर क्षेत्र में जंगली जानवर की मौजूदगी की आशंका जताई गई है, इससे आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीण दाताराम और उमेश ने बताया कि एक दिन पहले भी जंगली जानवर गांव भदरौला के जंगल में देखा गया था। खेतों में काम करने वाले किसानों को भी जंगली जानवर की मौजूदगी की चिंता सता रही है, वहीं वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि ग्रामीण अकेले जंगल में जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर समूह बनाकर ही जंगल की ओर जाएं। डिप्टी रेंजर उस्मान अली ने बताया कि जंगल में मिले पगचिंह दो-तीन दिन पुराने हैं। जंगली जानवर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मंगलवार शाम जंगल में उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। फिलहाल गोवंशीय पशु की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ निगरानी कर रही है। गाय का दो वर्ष का बच्चा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)