संभल में किसान महापंचायत:जमीन अधिग्रहण, फसल मुआवजे और गन्ने के दाम पर सरकार को घेरा

Oct 14, 2026 - 15:40
0
संभल में किसान महापंचायत:जमीन अधिग्रहण, फसल मुआवजे और गन्ने के दाम पर सरकार को घेरा
संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (असली) की महापंचायत आयोजित की गई। दोपहर 11 बजे से 2:30 बजे तक चली पंचायत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण, खादर क्षेत्र के किसानों को जारी नोटिस, फसल नुकसान का मुआवजा, गन्ने के दाम और चुनावी व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। चौधरी हरपाल सिंह ने कहा कि संभल जिले में औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों की जमीन लेने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी जमीन पर मालिकाना हक रखते हैं और उनकी सहमति के बिना भूमि लेने का विरोध किया जाएगा। उनके मुताबिक, गुन्नौर क्षेत्र के खादर के 59 गांवों के करीब 14 हजार किसानों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने मांग की कि पट्टे और चकबंदी के आधार पर मालिकाना हक रखने वाले किसानों की जमीन सुरक्षित रखी जाए। किसानों को उचित मुआवजा उन्होंने कहा कि धान, बाजरा और ज्वार की फसलों को नुकसान हुआ है, लेकिन किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा। उनका आरोप है कि पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए ड्रोन से निगरानी की जाती है, जबकि फसल नुकसान का आकलन करने के लिए ऐसी तत्परता नहीं दिखाई जा रही। उन्होंने गन्ने के दाम और चीनी की कीमतों का मुद्दा उठाते हुए किसानों को लाभकारी मूल्य देने की मांग की। चौधरी हरपाल सिंह ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट काटने और नए वोट जोड़ने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों को साथ लेकर इन मुद्दों पर आंदोलन किया जाएगा। महापंचायत में जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव, आशिक रजा, सरदार सिंह, डॉ. जावेद, राजीव चौधरी, चौधरी सत्यवीर सिंह, नईम अख्तर, जयवीर सिंह यादव, अमर सिंह, अताउर रहमान, जीशान, डॉ. शहरोज अनवर, फाजिल और संजीव गांधी समेत अनेक किसान मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User