संभल में मां भगवती की 51वीं शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब:एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, सुरक्षा में 300 पुलिसकर्मी तैनात
संभल में शारदीय नवरात्र की दुर्गा अष्टमी पर मां भगवती की 51वीं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। करीब एक किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में मेरठ, बदायूं, मुरादाबाद और कासगंज के अखाड़ों के साथ एटा से आईं स्वचालित झांकियां शामिल हुईं। मां भगवती का सिंहासन आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजकों के अनुसार, संभल शहर के अलावा 50 से अधिक गांवों से श्रद्धालु शोभायात्रा देखने पहुंचे। लोगों की संख्या करीब एक लाख होने का अनुमान है। देखिए 3 तस्वीरें… आर्य समाज रोड से शुरू हुई शोभायात्रा संभल कोतवाली क्षेत्र में शोभायात्रा का शुभारंभ आर्य समाज रोड से हुआ। भाजपा नेता राजेश सिंघल, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू, मेंथा उद्योगपति आशुतोष रस्तोगी, विवेक गोयल, कपिल सिंघल, सत्यप्रकाश और नीरज रस्तोगी ने मां भगवती का विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा छंगामल कोठी, बाजार गंज, सर्राफा बाजार, मोहल्ला ठेर, घंटाघर, टंडन तिराहा, चक्की का पाठ और शुक्ला मार्केट से होकर निकली। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे डाकखाना पहुंचकर आरती के साथ इसका समापन होना था। मार्ग में कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन भी किया गया। पूरे क्षेत्र को रोशनी से सजाया गया था। राधा-कृष्ण के महारास से लेकर मां काली के अखाड़े तक शोभायात्रा में मेरठ, मथुरा और दिल्ली से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण का महारास, रुक्मिणी-भामा नृत्य नाटिका और महामाई की फूलों की होली प्रस्तुत की। कासगंज के कलाकारों ने मां काली के अखाड़े का चित्रण किया, जबकि बदायूं के कलाकारों ने मां काली के विराट अखाड़े का प्रदर्शन किया। भगवान श्रीकल्कि की झांकी, मां काली के सौम्य स्वरूप, बाबा खाटू श्याम के दरबार और श्री मेहंदीपुर बालाजी के दरबार की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। एटा से आईं स्वचालित झांकियों में कृष्ण महारास, बाबा महाकाल, भगवान जगन्नाथ, चूहों पर विराजमान भगवान गणेश, शनिदेव, शिवलिंग की पूजा करते हनुमान, रामलला, भजन करते हनुमान और नंदी पर भगवान शंकर की झांकियां शामिल थीं। इन झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। 500 सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। एसडीएम विकास चंद्र, सीओ संभल कुलदीप कुमार, सीओ असमोली अमन सिंह, इंस्पेक्टर संभल मोहित चौधरी, नखासा एसओ संजय शर्मा और रायसत्ती थाना प्रभारी सौरभ त्यागी निगरानी में जुटे रहे। एएसपी उत्तरी सुमित रामटेके ने बताया कि सुरक्षा के लिए 500 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सात थानों की पुलिस के साथ 300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। 1976 में एक झांकी से हुई थी शुरुआत संभल में मां भगवती की शोभायात्रा की शुरुआत वर्ष 1976 में प्रसिद्ध आढ़ती स्वर्गीय प्रेमशंकर अग्रवाल के प्रयासों से हुई थी। उस समय बैंड-बाजे के साथ मां भगवती की एक झांकी निकाली गई थी। समय के साथ शोभायात्रा का स्वरूप विस्तृत होता गया और इसमें विभिन्न अखाड़े, कलाकार और झांकियां शामिल होने लगीं। आज यह आयोजन संभल के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में गिना जाता है। शोभायात्रा में महामंत्री विवेक गोयल, नवनीत कुमार, अतुल अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, आलेश गुप्ता, हीरालाल मिश्रा, अभिनव माथुर, प्रतीक गुप्ता, विजय चंद्रा, मयंक गुप्ता, मनोज मित्तल, अमित अग्रवाल और शैलेंद्र अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)