सदर विधायक का वाट्सअप हैक कर मांगे पैसे:ओटीपी के जरिए रिमोट एक्सेस हासिल करने की आशंका, मुकदमा दर्ज

Oct 19, 2026 - 00:10
0
सदर विधायक का वाट्सअप हैक कर मांगे पैसे:ओटीपी के जरिए रिमोट एक्सेस हासिल करने की आशंका, मुकदमा दर्ज
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के सदर विधायक भूपेश चौबे का वाट्सअप अकाउंट हैक कर लोगों से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। विधायक के नंबर से अज्ञात लोगों को संदेश भेजकर पैसों की मांग की गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद साइबर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के मुताबिक, मामले में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर लोगों को किया आगाह विधायक भूपेश चौबे ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने WhatsApp अकाउंट के अनधिकृत इस्तेमाल की जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि अकाउंट दोबारा सुरक्षित होकर चालू होने तक उनके पुराने नंबर से आने वाले संदेशों पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि उनके नंबर से रुपये भेजने के लिए कहा जाए या कोई संदिग्ध लिंक मिले, तो उस पर कार्रवाई करने से पहले दूसरे माध्यम से पुष्टि जरूर कर लें। अनजान लिंक पर क्लिक करने या बिना सत्यापन किसी खाते में रकम भेजने से आर्थिक नुकसान हो सकता है। ओटीपी से अकाउंट का एक्सेस लेने की आशंका पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि विधायक की ओर से सूचना मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि किसी व्यक्ति ने ओटीपी का इस्तेमाल कर रिमोट लॉगिन के जरिए विधायक के WhatsApp अकाउंट का एक्सेस हासिल किया। इसके बाद अकाउंट से लोगों को संदेश भेजकर रुपये मांगे गए। साइबर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। संपर्क के लिए वैकल्पिक नंबर जारी विधायक ने बताया कि वह स्वयं साइबर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा चुके हैं। फिलहाल उनसे संपर्क करने के लिए वैकल्पिक मोबाइल नंबर 9415647642 जारी किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी परिचित या जनप्रतिनिधि के नाम से रुपये मांगने वाला संदेश मिलने पर पहले उसकी पुष्टि करें और किसी भी संदिग्ध संदेश के झांसे में न आएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User