संभल में नवरात्रि से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च:5 हजार अपराधियों का सत्यापन, जुमे की नमाज और मुल्ला अफ़रोज़ की सुनवाई को लेकर अलर्ट
संभल में गुरुवार को रात्रि 8:30 बजे नवरात्रि और रामलीला मंचन से पहले संभल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस और पीएसी के जवानों ने सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मोहल्ला दीपा सराय समेत शहर के प्रमुख इलाकों में करीब तीन किलोमीटर लंबा फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से बातचीत की। वहीं, शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज और मुल्ला अफरोज की सुनवाई को लेकर भी पुलिस को अलर्ट किया गया है। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि 11 तारीख से नवरात्रि का पर्व शुरू हो रहा है। इसके मद्देनजर मंदिरों और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस ने जिलेभर के करीब पांच हजार अपराधियों का सत्यापन कराया है। इनमें हिस्ट्रीशीटर, असामाजिक तत्व और अन्य अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने उनका डोजियर भी तैयार कराया है। अब दूसरे चरण में उनकी गतिविधियों का आकलन कर सक्रिय अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने पुलिसकर्मियों को आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर ब्रीफिंग भी दी। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के फेज-6 को लेकर सभी थानों में बनाए गए मिशन शक्ति केंद्रों को और सक्रिय व मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। फ्लैग मार्च के दौरान एएसपी सुमित सुधाकर रामटेके, सीओ संभल कुलदीप कुमार, सीओ असमोली अमन कुमार समेत थाना प्रभारी और पुलिस-पीएसी के जवान मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)