संजय निषाद को धमकी पर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:महोबा में डीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

Oct 07, 2026 - 16:11
0
संजय निषाद को धमकी पर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:महोबा में डीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
महोबा में निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। पार्टी के जिलाध्यक्ष आशाराम निषाद के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। यह विरोध गोरखपुर के बांसगांव में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद को कथित रूप से जान से मारने की धमकी, गर्दन काटने के बयान और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के खिलाफ दर्ज कराया गया है। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ​गोरखपुर जिले के बांसगांव में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने का मामला अब गर्माता जा रहा है। इस घटना के विरोध में महोबा जिले में निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ​पार्टी के जिला संगठन अध्यक्ष आशाराम निषाद और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिओम निषाद के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा। ​ज्ञापन देने पहुंचे जिला अध्यक्ष आशाराम निषाद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर में सामंतवादी सोच के लोगों द्वारा समाज को भद्दी गालियां दी गईं और जनप्रतिनिधि का अपमान किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर अपनी ही सरकार में उनके मान-सम्मान की रक्षा नहीं होगी और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तो वे कहां सुरक्षित महसूस करेंगे? ​वहीं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिओम निषाद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को गर्दन काटने जैसी धमकियां दी जा रही हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों पर कोई ठोस कानूनी कदम नहीं उठाया गया है। ​निषाद पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि घटना के वीडियो और ऑडियो साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों पर कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज हो और डॉ. संजय कुमार निषाद की सुरक्षा बढ़ाई जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में बनमाली, जीतेंद्र रैकवार, दिलीप रैकवार, भीम रैकवार, मंगल रैकवार, मुकेश कश्यप, महेश रैकवार और राम प्रसाद सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User