संतकबीरनगर में बेलहरकला थाना भवन का उद्घाटन:चौकी सांथा से नए भवन में शिफ्ट हुआ थाना, नन्दौर चौकी के भवन का भी उद्घाटन
संतकबीरनगर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को बेलहरकला थाने के नए भवन में पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद थाने को सांथा चौकी से नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया। परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। क्षेत्रफल के लिहाज से बेलहरकला थाने को प्रदेश का सबसे बड़ा थाना बताया गया है। नया थाना भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर बैरक, आधुनिक कार्यालय और बड़ा प्रशासनिक भवन बनाया गया है। इससे पुलिसकर्मियों को कामकाज में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने 11 अगस्त 2026 को इस भवन का उद्घाटन किया था। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने कहा कि नए भवन में थाना संचालित होने से पुलिस व्यवस्था बेहतर होगी। इससे लोगों को पुलिस से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने में भी सुविधा मिलेगी।
नंदौर पुलिस चौकी का उद्घाटन रविवार शाम को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना बखिरा क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित नंदौर पुलिस चौकी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान विधिवत पूजन-अर्चन भी किया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को नंदौर और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, अवैध तस्करी और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल 24 घंटे मुस्तैद रहे, ताकि स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। एसपी ने थानाध्यक्ष बखिरा और मौजूद पुलिसकर्मियों को चौकी पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या संवेदनशीलता से सुनने और उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)