सोनभद्र में 81 स्थानों पर होगा रावण दहन:चोपन-रेणुकूट में 85 फीट के पुतले होंगे आकर्षण, 35 साल से पुतले बना रहे एखलाक
सोनभद्र में विजयादशमी पर मंगलवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। रॉबर्ट्सगंज समेत जिले के 81 स्थानों पर रावण दहन होगा। इसके लिए पुतलों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चोपन और रेणुकूट में 85-85 फीट ऊंचे रावण के पुतले आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं, करीब आठ स्थानों पर भरत मिलाप और राम दरबार की शोभायात्रा निकाली जाएगी। पर्व को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के भी इंतजाम किए जा रहे हैं। चोपन में चारों दिशाओं में घूमेंगे रावण के दस सिर चोपन रेलवे रामलीला मैदान में तैयार हो रहा 85 फीट ऊंचा रावण अपनी खास बनावट के कारण चर्चा में है। इसके दस सिर चारों दिशाओं में घूमेंगे और अट्टहास की गर्जना भी सुनाई देगी। रामलीला समिति के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह, रावण प्रभारी सुरेश जायसवाल और सियाराम तिवारी के अनुसार, पुतले के निर्माण पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च होंगे। कारीगर प्रमोद विश्वकर्मा उर्फ बप्पी की देखरेख में पुतले को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रेणुकूट में पिछले साल से पांच फीट ऊंचा होगा पुतला रेणुकूट के हिंडालको आवासीय परिसर स्थित रामलीला मैदान में भी 85 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। पिछले वर्ष यहां 80 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया था। इस बार रावण दहन के साथ आतिशबाजी का रंगारंग कार्यक्रम भी होगा। इसे देखने के लिए नगर के साथ आसपास के गांवों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। दुद्धी में 35 साल से पुतले बना रहे एखलाक दुद्धी में रावण का पुतला बनाने की जिम्मेदारी जौनपुर से आए एक मुस्लिम परिवार को सौंपी गई है। कारीगर एखलाक 51 फीट ऊंचा पुतला तैयार कर रहे हैं। उनके मुताबिक, वह करीब 35 वर्षों से इस काम से जुड़े हैं और परंपरा को पूरी लगन से निभा रहे हैं। रॉबर्ट्सगंज में 40 फीट का रावण, 124 साल से हो रही रामलीला रॉबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान में करीब 40 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। यहां श्रीरामलीला समिति की ओर से 124 वर्षों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। घोरावल, कोन, अनपरा, शक्तिनगर, करमा और चतरा के रामगढ़ कस्बे में 25 से 30 फीट ऊंचे पुतले जलाए जाएंगे। बभनी के शिव मंदिर प्रांगण स्थित रामलीला मैदान में भी पुतला तैयार किया जा रहा है। असनहर, चपकी, सहगोड़ा, बैना, चौना और घघरी समेत कई स्थानों पर रावण दहन की तैयारियां चल रही हैं। रॉबर्ट्सगंज में दोपहिया वाहनों के लिए रहेगा प्रतिबंध नवरात्र मेले के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए रॉबर्ट्सगंज में 20 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शीतला चौक की ओर जाने वाले दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लागू होगा। यह रोक चंडी तिराहा, धर्मशाला, बढ़ौली और महिला थाना से शीतला चौक की ओर जाने वाले मार्गों पर प्रभावी रहेगी। दोपहिया वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत रॉबर्ट्सगंज नगर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी तैनात रहेंगे। सीओ सिटी और एसडीएम सदर भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था संभालेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)