सोनभद्र में DM ने मतदाता केंद्रों का किया निरीक्षण:फॉर्म-6 भरवाकर नए मतदाताओं को जोड़ने के दिए निर्देश, युवा-महिलाएं उत्साहित

Oct 17, 2026 - 17:13
0
सोनभद्र में DM ने मतदाता केंद्रों का किया निरीक्षण:फॉर्म-6 भरवाकर नए मतदाताओं को जोड़ने के दिए निर्देश, युवा-महिलाएं उत्साहित
सोनभद्र में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को जिले में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। इसके तहत विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों के आवेदन लिए गए। शिविरों में युवाओं ने उत्साह दिखाया और फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। विशेष अभियान के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पंजीकरण कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 36, 37, 38, 39 और 40 का जायजा लिया। इसके बाद राजा महेश शारदा इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 21 से 26 तथा आदर्श इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 14 से 20 पर आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों से फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों और मतदाता पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे सभी पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिलाओं को जागरूक कर आवेदन कराने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए संबंधित अधिकारी और बूथ लेवल अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें तथा आवेदन करने वाले नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर शिविरों की स्थिति का जायजा लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User