सोनभद्र में निर्जला व्रतरख माताओं ने मांगी पुत्रों की दीर्घायु:महिलाओं ने घरों और मंदिरों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया

Oct 03, 2026 - 20:24
0
सोनभद्र में निर्जला व्रतरख माताओं ने मांगी पुत्रों की दीर्घायु:महिलाओं ने घरों और मंदिरों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया
सोनभद्र मे पुत्रों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर शनिवार को महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत रखा। रॉबर्ट्सगंज, दुद्धी, घोरावल, म्योरपुर, बभनी, बीजपुर, रेणुकूट, अनपरा, शक्तिनगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर घरों और मंदिरों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। पूजा के बाद महिलाओं ने जिउतिया की कथा का श्रवण किया। सुबह से ही व्रती महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। दोपहर बाद महिलाएं सोन नदी समेत विभिन्न जलाशयों और घाटों पर स्नान के लिए पहुंचीं। स्नान के बाद दान-पुण्य और पूजन किया गया। शाम को महिलाएं समूह में घाटों और निर्धारित पूजा स्थलों पर एकत्रित हुईं। यहां कुश से जिउतबंधन बाबा की वेदी बनाकर विधि-विधान से पूजा की गई। महिलाओं ने जिमूतवाहन बाबा और जीवित्पुत्रिका व्रत से जुड़ी कथाओं का श्रवण किया। चिल्हो-सियारन की कथा भी प्रमुखता से सुनी गई व्रती महिलाओं ने नेनुआ के पत्ते पर चिल्हो-सियारन के लिए खली, अक्षत, फूल, दातून और पानी आदि अर्पित किया। इसके बाद फल-फूल, वस्त्र और पूजन सामग्री लेकर वेदी पर पूजन किया। पूजा के अंत में महिलाओं ने देवी गीत गाकर पर्व का समापन किया। मान्यता है कि जिउतिया व्रत रखने से संतान पर आने वाले संकट टलते हैं और पुत्रों को दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है। इसी आस्था के चलते महिलाओं ने पूजा के बाद सोने या चांदी की जिउतिया गले में धारण की। जिन महिलाओं के जितने पुत्र हैं, वे परंपरा के अनुसार उतनी जिउतिया धारण करती हैं। कई स्थानों पर महिलाओं ने पुत्रियों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की भी कामना की। पूरे दिन निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का भाव साफ नजर आया। पर्व को लेकर बाजारों और पूजा स्थलों पर भी चहल-पहल रही। जीवित्पुत्रिका पर्व को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था पर नजर रखते हुए व्रती महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User