सोनभद्र में पैसा लेने के आरोप में सर्वे कानूनगो निलंबित:वीडियो सामने आने के बाद डीएम ने कराई जांच, बोले- पारदर्शिता और जवाबदेही प्राथमिकता
सोनभद्र में शासकीय कार्य के दौरान एक व्यक्ति से पैसे लेने के मामले में जिलाधिकारी एवं अभिलेख अधिकारी चर्चित गौड़ ने तहसील ओबरा के सर्वे कानूनगो एवं प्रभारी पेशकार सूबेदार सिंह को निलंबित कर दिया है। कर्मचारी का पैसे लेते हुए वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की। सूबेदार सिंह कार्यालय सहायक अभिलेख अधिकारी, तहसील ओबरा में सर्वे कानूनगो के पद पर तैनात हैं और प्रभारी पेशकार का दायित्व भी संभाल रहे थे। बताया गया कि शासकीय कार्य से जुड़े एक मामले में उनके द्वारा एक व्यक्ति से पैसे लिए जाने का वीडियो सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कर्मचारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में घोरावल तहसील से रहेंगे संबद्ध निलंबन अवधि में सूबेदार सिंह को तहसील घोरावल से संबद्ध किया गया है। उन्हें संबद्ध कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय से अनुपस्थित नहीं रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। एडीएम न्यायिक को सौंपी गई विस्तृत जांच मामले की विस्तृत जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी प्रकरण से जुड़े तथ्यों, वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की नियमानुसार जांच करेंगे। इसके बाद जांच आख्या सक्षम स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी। जांच में यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो कर्मचारी के खिलाफ आगे भी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। डीएम बोले- पारदर्शिता और जवाबदेही प्राथमिकता जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा सरकारी कार्यों में अनियमितता या अनुचित आचरण किए जाने की शिकायत अथवा तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)