सोने-चांदी की ज्वेलरी पर ग्राहकों का हंगामा:चांदी के नाम पर एल्युमिनियम की ज्वेलरी देने का आरोप

Oct 06, 2026 - 12:43
0
सोने-चांदी की ज्वेलरी पर ग्राहकों का हंगामा:चांदी के नाम पर एल्युमिनियम की ज्वेलरी देने का आरोप
मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मदीना चौक के पास मां भगवती ज्वेलर्स पर सोमवार रात ग्राहकों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया। ग्राहकों ने दुकानदार पर सोने के नाम पर तांबे और चांदी के नाम पर एल्युमिनियम की ज्वेलरी देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कुछ आभूषणों पर सिर्फ सोने की परत चढ़ाकर उन्हें सोने के गहने के रूप में बेचा गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इमरान कॉलोनी निवासी नईम के मुताबिक, उन्होंने दुकान से करीब 10 से 12 लाख रुपये की सोने और चांदी की ज्वेलरी बनवाई थी। बाद में आभूषणों की जांच मोती महल में कराई गई। आरोप है कि जांच में कुछ सोने के आभूषण तांबे के और चांदी के आभूषण एल्युमिनियम के पाए गए। इसके बाद ग्राहक दुकान पर पहुंचे और सामान बदलने की मांग की। जांच में कुंडल तांबे के बताए गए ग्राहक जैनब ने बताया कि वह लंबे समय से इसी दुकान से ज्वेलरी खरीदती रही हैं। उन्होंने कई जोड़ी पाजेब, पंजाबी बालियां और कुंडल समेत दूसरे आभूषण बनवाए थे। रिश्तेदारों को भी इसी दुकान से सामान दिलवाया। जैनब के मुताबिक, हाल ही में वह कुंडल बदलवाने मोती महल पहुंचीं, जहां जांच में उन्हें कुंडल सोने के बजाय तांबे के बताए गए। पहले भी ज्वेलरी को लेकर हुई थी शिकायत जैनब का कहना है कि इससे पहले भी ज्वेलरी को लेकर शिकायत हुई थी। उस समय दुकानदार ने सामान बदलकर दिया था। अब दोबारा जांच में आभूषणों की धातु को लेकर सवाल उठने के बाद ग्राहक दुकान पर पहुंचे और अपने सामान के बदले असली सोने-चांदी की ज्वेलरी देने की मांग की। दुकानदार की तबीयत खराब, बहनोई ने कही यह बात दुकान पर मौजूद दुकानदार के बहनोई देशम वर्मा ने कहा कि आरोप दुकानदार पर लगाए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, दुकानदार की तबीयत खराब है और वह घर पर हैं। देशम वर्मा ने बताया कि उनके सामने भी सोने की ज्वेलरी को तांबे की बताए जाने का मामला आया है। ग्राहकों के मुताबिक, दुकानदार ने सामान बदलने के लिए मंगलवार का समय दिया है। तहरीर मिलने के बाद होगी कार्रवाई हंगामे की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User