सोनू हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार:बुलंदशहर के अहमदगढ़ में आरोपी को पुलिस ने दबोचा, छाता घोंपकर की थी हत्या
बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में सोनू हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने रविवार रात करीब 8 बजे एक और वांछित अभियुक्त यशपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। यह सनसनीखेज वारदात 26 अक्टूबर को अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बाद में हुई थी। पुरानी रंजिश और पूर्व परिचय के चलते गांव के ही दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक और विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष के लोगों ने हिंसक रूप धारण करते हुए सोनू पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सोनू के पेट में टूटा हुआ छाता घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल सोनू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और परिजनों में कोहराम मच गया था। पुलिस कर रही आरोपी की तलाश घटना के तुरंत बाद मृतक के भाई भूपेंद्र कुमार की तहरीर पर थाना अहमदगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी थीं। पुलिस इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि अहमदगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से दूसरे वांछित आरोपी यशपाल (पुत्र रामवीर सिंह, निवासी ग्राम बाद, थाना अहमदगढ़) को दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य बिन्दुओं और यदि कोई अन्य संलिप्त मिला, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)