सपा 26 नवंबर को जन-मन मेनिफेस्टो जारी करेगी:MLC बोले- पीडीए BJP के खिलाफ,प्रणपत्र संविधान बचाने का संकल्प
समाजवादी पार्टी ‘सत्ताईस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र’ नारे के साथ 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ जारी करने की घोषणा की है। जिसका पोस्टर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीटर यानी एक्स पर साझा किया है। जिसमें संविधान दिवस को ‘लोकतांत्रिक पावन अवसर’ बताते हुए इस दिन घोषणापत्र प्रस्तुत करने की बात कही गई है। हालांकि, पोस्टर में घोषणा से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। वहीं मैनिफेस्टों को लेकर सपा एमएलसी ने कहा कि पीडीए भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ लड़ने का एक सशक्त माध्यम है। 26 नवंबर का जो दिन है, वो लोकतांत्रिक इतिहास में संविधान को लेकर के ये बहुत पवित्र और महत्वपूर्ण दिन है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग को लेकर के संविधान को मिटाना चाह रही है, तो उस संविधान के महत्वपूर्ण तिथि को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव किया है। इससे हम संविधान को बचाने का संकल्प भी लेंगे, लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेंगे और भारतीय जनता पार्टी का जो तानाशाही का जो रथ है, वो इसी के द्वारा हम रोकेंगे। पोस्टर में 2027 का उल्लेख पोस्टर में ‘#PDA_Manifesto_2027’ हैशटैग दिया गया है। शीर्ष हिस्से में ‘सत्ताईस का संकल्प’ और उसके नीचे ‘पीडीए का प्रणपत्र’ लिखा है। इसके बाद संविधान दिवस की तारीख का उल्लेख करते हुए ‘हम जारी करेंगे जन-मन का मैनिफेस्टो’ का संदेश दिया गया है। इस तरह पोस्टर में घोषणा की तारीख और घोषणापत्र के नाम को प्रमुखता दी गई है। हालांकि, ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ किन विषयों पर केंद्रित होगा, इसकी जानकारी अभी इस पोस्टर में नहीं है। इसमें किसी विशेष वर्ग के लिए प्रस्तावित योजनाओं, नीतिगत प्राथमिकताओं अथवा वादों का उल्लेख नहीं किया गया है। घोषणापत्र तैयार करने की प्रक्रिया और सुझाव जुटाने की व्यवस्था के संबंध में भी कोई विवरण नहीं दिया गया है। घोषणापत्र जारी करने के लिए स्थान और समय का उल्लेख नहीं है। कार्यक्रम में कौन शामिल होगा और इसे कौन जारी करेगा, यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है। पोस्टर पर किसी संगठन, पदाधिकारी या जारीकर्ता का नाम अंकित नहीं है। ऐसे में पोस्टर से फिलहाल घोषणापत्र के नाम, घोषित तारीख और उससे जुड़े नारों की ही जानकारी मिलती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)