सपा का आरोप, अधिकारियों पर दबाव बना रहे भाजपाई नेता:MLC चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत लेकर CEO से मिले सपाई

Oct 19, 2026 - 18:49
0
सपा का आरोप, अधिकारियों पर दबाव बना रहे भाजपाई नेता:MLC चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत लेकर CEO से मिले सपाई
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और मतदान प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने 19 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन भेजकर मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम, एक ही मतदाता के नाम पर अलग-अलग विवरण प्रदर्शित होने और मतदाताओं पर कथित दबाव बनाए जाने जैसे मुद्दे उठाए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपने वालों में केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह शामिल थे। सपा ने आरोप लगाया है कि विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों के दबाव में कुछ जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से ग्राम प्रधानों और शिक्षक मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए प्रभावित किया जा रहा है। सपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि इलाहाबाद-झाँसी स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र में समाविष्ट कौशाम्बी के जिलाधिकारी और एसडीएम पुलिस अधिकारियों के माध्यम से ग्राम प्रधानों व स्नातक तथा शिक्षक मतदाताओं पर भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाया जा रहा है। शिक्षक मतदाताओं की पात्रता जांच पर सवाल सपा ने वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित मामले में बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से 21 अक्टूबर को विद्यालयों के प्रबंधकों की बैठक बुलाए जाने का उल्लेख किया है। ज्ञापन के अनुसार, इस बैठक में निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल किए जाने वाले शिक्षकों की पात्रता से संबंधित प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया जाना है। पार्टी ने इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि 23 अक्टूबर को मतदान से केवल दो दिन पहले मतदाता सूची में पात्रता का सत्यापन करने के लिए प्रबंधकों की बैठक बुलाना निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है। सपा का तर्क है कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है और सूची प्रत्याशियों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। ऐसे में मतदान से ठीक पहले इस प्रकार की प्रक्रिया अपनाने पर सवाल उठते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User