सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका:कानपुर देहात में पुलिस से नोकझोंक के बाद सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे, जमकर नारेबाजी की

Oct 04, 2026 - 14:30
0
सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका:कानपुर देहात में पुलिस से नोकझोंक के बाद सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे, जमकर नारेबाजी की
कानपुर देहात में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार दोपहर 1 बजे जमकर प्रदर्शन किया। माती मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट गेट नंबर-2 पर सपा जिलाध्यक्ष बबलू यादव राजा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। सपा नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने प्रदर्शन को रोकने के लिए सुबह करीब पांच बजे से ही कई सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सपा कार्यालय से माती मुख्यालय तक पहुंचे और प्रदर्शन किया। दोपहर करीब एक बजे सपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का प्रयास किया। मौके पर पहले से मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। इसे लेकर पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी के बावजूद सपा कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंक दिया। प्रदर्शन के दौरान दो पुतले फूंके जाने की बात भी सामने आई है। मौके पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एसडीएम, सीओ समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि पुतला फूंकने का प्रयास किया गया, जबकि सपा नेताओं का दावा है कि पुलिस-प्रशासन की कड़ी चौकसी के बावजूद उन्होंने अपने विरोध प्रदर्शन को अंजाम दिया। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा जिलाध्यक्ष बबलू यादव और सपा नेता नरेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेगी। वहीं, प्रदर्शन को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। माती मुख्यालय में काफी देर तक सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User