सरायन नदी का जलस्तर 60 सेमी घटा:केशव ग्रीन सिटी सहित 7 मोहल्लों में पानी कम हुआ, कुछ परिवार शिविर से लौटने लगे
सीतापुर में शहर के बीच से गुजरने वाली सरायन नदी का जलस्तर पिछले तीन दिनों से लगातार घट रहा है। मंगलवार दोपहर 3 बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान 131.00 मीटर से करीब 2.90 मीटर ऊपर 133.90 मीटर दर्ज किया गया। पिछले करीब 3 दिनों में जलस्तर में लगभग 60 सेंटीमीटर की कमी आई है। पानी घटने से कुछ इलाकों में घरों से जलभराव खत्म होने लगा है और राहत शिविरों में रह रहे लोगों की घर वापसी भी शुरू हो गई है। सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण शहर के नई बस्ती, आलमनगर, दुर्गापुरवा, मछली मंडी, गदियाना, तरीनपुर, लोनियनपुरवा, अहाता कप्तान और केशव ग्रीन सिटी समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया था। हजारों घर जलमग्न होने से लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी। कई परिवार ऐसे भी रहे, जो घरों में रखा सामान बचाने के लिए बाढ़ के पानी के बीच रहने का जोखिम उठाते रहे। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने शहर में 14 राहत शिविर बनाए थे। पीएसी की फ्लड यूनिट की मदद से जलभराव वाले घरों में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। राहत शिविरों में रह रहे लोगों के लिए प्रशासन की ओर से भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है। सामाजिक संगठनों ने भी राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग किया। फिलहाल नदी का जलस्तर घटने से लोगों को राहत जरूर मिली है, लेकिन कई मोहल्लों में अभी भी बाढ़ का असर बना हुआ है। प्रशासन के सामने जलभराव पूरी तरह खत्म कराने के साथ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित तरीके से घरों तक पहुंचाने की चुनौती बनी हुई है। एसडीएम जनार्दन कुमार ने बताया कि सभी पीड़ितों को बाढ़ राहत किट सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। शिविरों और संक्रमण को देखते हुए लोगो को दवाइयां भी वितरित कराई जा रही है। जिससे बाढ़ का पानी घटने के साथ संक्रमण न हो फैल सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)