सरसों फेंकने के विवाद में बुजुर्ग दंपती पर हमला:बुलंदशहर में पुलिस ने 3 टीमें बनाईं, आरोपियों की तलाश जारी
बुलंदशहर जिले की शिकारपुर तहसील के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम ढकल नगला (डोमला हसनगढ़) में 3 अक्टूबर को दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई बर्बर हिंसा के मामले में पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर घटना का खौफनाक वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिकारपुर दीपक तिवारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद की शुरुआत एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के घर के ऊपर सरसों फेंकने के मामूली मुद्दे से हुई थी। पहले से ही भली-भांति परिचित हैं दोनों पक्ष एक ही जाति के हैं, आपस में पड़ोसी हैं और पहले से ही भली-भांति परिचित हैं। सरसों फेंकने की बात पर उपजे विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद एक पक्ष दीवार कूदकर दूसरे पक्ष के घर में घुस गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार का आरोप है कि 3 अक्टूबर की शाम सड़क पर गाली-गलौज और मारपीट के बाद जब वे शिकायत करने आरोपी देवेंद्र के घर की तरफ गए, तो आरोपियों ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उन्हें बंधक बना लिया। लोहे की रॉड, पाइप और धारदार हथियारों से बुजुर्ग दंपती और उनके बेटों पर हमला किया गया। गंभीर धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और वस्त्र फाड़ने का प्रयास हुआ। चीख-पुकार सुनकर पहुंची पुलिस की 112 नंबर टीम ने पीड़ितों को दबंगों के चंगुल से छुड़ाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित कई अन्य सुसंगत और गंभीर धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 03 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वर्तमान में गांव में पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है और एहतियातन स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)