SSC ने कोस्ट गार्ड में 365 पदों पर निकाली भर्ती:नाविक, यांत्रिक और हाइजीनिस्ट-I पदों के लिए 21 अक्टूबर तक करें आवेदन
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने भारतीय तटरक्षक बल में CGEPT बैच 01/2027 और 02/2027 के लिए 365 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इसमें नाविक (जनरल ड्यूटी), नाविक (डोमेस्टिक ब्रांच), यांत्रिक और हाइजीनिस्ट-I के पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं और अभ्यर्थी 21 अक्टूबर 2026 की शाम 5:30 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन SSC की वेबसाइट www.ssc.gov.in पर किया जा सकता है। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा तय की गई है। भर्ती प्रक्रिया चार चरणों में होगी, जिसमें कंप्यूटर आधारित परीक्षा, शारीरिक परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच शामिल है। नाविक जीडी के लिए 12वीं में मैथ्स-फिजिक्स जरूरी नाविक (जनरल ड्यूटी) के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित और भौतिकी विषयों के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। इस पद के लिए जन्मतिथि 1 नवंबर 2005 से 1 मई 2009 के बीच होनी चाहिए। डोमेस्टिक ब्रांच में 10वीं पास कर सकेंगे आवेदन नाविक (डोमेस्टिक ब्रांच) पद के लिए 10वीं पास अभ्यर्थी पात्र होंगे। इस पद के लिए जन्मतिथि 1 नवंबर 2005 से 1 अक्टूबर 2009 के बीच निर्धारित की गई है। यांत्रिक पद के लिए इंजीनियरिंग डिप्लोमा अनिवार्य यांत्रिक पदों पर आवेदन करने वालों के पास 10वीं या 12वीं पास होने के साथ मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल या इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में AICTE से मान्यता प्राप्त डिप्लोमा होना चाहिए। इस पद के लिए जन्मतिथि 1 मई 2005 से 1 मई 2009 के बीच मांगी गई है। हाइजीनिस्ट-I के लिए ITI की योग्यता हाइजीनिस्ट-I पद के लिए 10वीं के साथ ITI या समकक्ष योग्यता जरूरी है। इस पद के लिए 1 नवंबर 2002 से 1 अक्टूबर 2009 के बीच जन्मे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा में OBC वर्ग को 3 साल और SC/ST वर्ग को 5 साल की छूट मिलेगी। चार चरणों में होगा चयन पहले चरण में 100 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को PFT-1 में 1.6 किलोमीटर दौड़, उठक-बैठक और पुश-अप्स के अलावा असेसमेंट टेस्ट, शुरुआती दस्तावेज सत्यापन और प्राथमिक मेडिकल जांच से गुजरना होगा। तीसरे चरण में INS चिल्का में मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसी चरण में पुलिस वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी होगी। चौथे चरण में प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया जाएगा। आवेदन शुल्क कितना लगेगा सामान्य, OBC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए 550 रुपए शुल्क देना होगा। SC और ST वर्ग के उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। आखिरी तारीख का इंतजार न करने की सलाह SSC ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें। पहले पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करें और इसके बाद आवेदन प्रक्रिया समय रहते पूरी कर लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)