ग्रामीणों ने 100 साल पुराने महिषासुर मेले की अनुमति मांगी:DM दफ्तर का घेराव कर कार्यक्रम कराने की मांग, परमिशन न देने का आरोप
उन्नाव में सोहरामऊ थाना क्षेत्र के जैतीपुर गांव में प्रस्तावित महिषासुर बाबा के प्राचीन मेले की अनुमति को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर बारह बजे डीएम दफ्तर पहुंचकर घेराव किया और को प्रार्थना पत्र दिया। ग्रामीणों ने मेले को करीब 100 साल पुरानी परंपरा और धार्मिक आस्था से जुड़ा बताते हुए 16 और 17 अक्टूबर को मेला आयोजित कराने की अनुमति मांगी है। ग्रामीणों का कहना है कि मेले में भगवान श्रीराम का पारंपरिक रामडोला निकाला जाता है और गांव के मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद रामडोला उठाने की परंपरा है। ग्रामीण अंकुर मौर्या ने बताया कि जैतीपुर में महिषासुर बाबा का मेला काफी प्राचीन समय से लगता आ रहा है। उनके अनुसार उनके बुजुर्ग भी मेले की शुरुआत कब हुई, इसकी सही जानकारी नहीं बता पाते थे। मेले की प्रमुख परंपराओं में रामडोला शामिल है। पहले रामडोला गांव के विभिन्न मंदिरों में ले जाकर पूजा-अर्चना कराई जाती है और इसके बाद दोपहर करीब 12 से एक बजे के बीच उसे उठाया जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक वर्ष 2025-26 में भी मेले की तारीख निर्धारित की गई थी, लेकिन बारिश और जलभराव के कारण मेला आयोजित नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने इस वर्ष 16 और 17 अक्टूबर को मेला कराने की तैयारी की है। ग्रामीणों का आरोप है कि अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र देने के बावजूद अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि मेले की प्राचीनता को लेकर कोई संशय है तो प्रशासन गांव में टीम भेजकर जांच करा सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अनुमति को लेकर कुछ लोगों को सोहरामऊ थाने में तीन दिन से बैठाए रखा गया है। साकिर अली ने बताया कि करीब 150 ग्रामीण मामले को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे हैं। इनमें चार-पांच मुस्लिम ग्रामीण भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मेले में गांव के सभी समुदायों का सहयोग रहता है। साकिर ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान गुड्डू साहू और वर्तमान प्रधान उमेश रावत मेले के आयोजन का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी परंपरा को ध्यान में रखते हुए मेला आयोजित कराने की अनुमति देने की मांग की है। उन्होंने अनुमति नहीं मिलने पर धरना देने की बात भी कही।
एसडीएम हसनगंज शालिनी तोमर ने बताया कि मेले की अनुमति के संबंध में थाने से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अनुमति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)