सुभासपा ने पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने की मांग की:मऊ में युवा भविष्य सम्मेलन, 83 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के चिरैयाकोट में शनिवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की ओर से युवा भविष्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री अरविंद राजभर पहुंचे। कार्यक्रम में करीब 700 युवाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा और युवाओं के राजनीतिक भागीदारी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अरविंद राजभर ने कहा कि युवा भविष्य सम्मेलन आने वाले समय में बड़े बदलाव की शुरुआत का मंच बन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए गुजरात, महाराष्ट्र और पंजाब जैसे राज्यों में जाते हैं। युवाओं की मांग है कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे उन्हें अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने शिक्षा में बदलाव, बेरोजगारी दूर करने और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने जैसी बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी समस्याओं और मांगों को सामने रखने के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुभासपा की ओर से प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों में युवा सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। अरविंद राजभर ने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में युवा प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब युवा अपनी समस्याओं को लेकर खुद आवाज उठाना चाहता है और राजनीति में अपनी भागीदारी बढ़ाना चाहता है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय होने का आह्वान किया। सम्मेलन में उन्होंने पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने की पार्टी की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि छोटे राज्यों में विकास, रोजगार, शिक्षा और चिकित्सा के अवसरों को बढ़ाया जा सकता है। सुभासपा की ओर से प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने की मांग की जा रही है, जिसमें पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने की बात शामिल है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अरविंद राजभर ने कहा कि सुभासपा प्रदेश की 83 विधानसभा सीटों पर काम कर रही है। एनडीए गठबंधन के तहत पार्टी को जितनी सीटें मिलेंगी, उन सभी पर चुनाव लड़ने की तैयारी है। उन्होंने विपक्ष के उस दावे पर भी प्रतिक्रिया दी कि सुभासपा को तीन से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी तीन से 13 सीटों तक पहुंचकर दिखाएगी। सम्मेलन में युवाओं ने रोजगार, शिक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)