सुलतानपुर में 12वीं तक के स्कूल बंद:डीएम ने दिए आदेश, भारी बारिश-आकाशीय बिजली और तेज हवा का खतरा
सुल्तानपुर में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए डीएम इंद्रजीत ने अलर्ट जारी किया है। उनके निर्देश पर जिले में 12वीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित की गई है। गुरुवार रात करीब 10 बजे से जिले में बारिश शुरू हुई थी, जो देर रात तक जारी रही। डीएम ने बताया कि लखनऊ मौसम विभाग ने जिले में बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। प्रशासन ने लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे न रुकने की अपील की है। साथ ही, बिना जरूरत यात्रा करने से भी मना किया गया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार, शुक्रवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी बोर्डों (यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई आदि) के स्कूलों में छुट्टी रहेगी। डीएम ने सभी स्कूलों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अगर कोई भी स्कूल खुला पाया जाता है, तो उसके प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रात में हुई बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है। पिछले 24 घंटे के मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा है। इस दौरान 13.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)