सुल्तानपुर में पैसे के लिए शिक्षक दंपती की हत्या:ड्राइवर और उसके साथी ने मिलकर की वारदात, 8वें दिन पुलिस ने किया खुलासा

Oct 05, 2026 - 13:36
0
सुल्तानपुर में पैसे के लिए शिक्षक दंपती की हत्या:ड्राइवर और उसके साथी ने मिलकर की वारदात, 8वें दिन पुलिस ने किया खुलासा
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के थाना कादीपुर क्षेत्र स्थित ग्राम कुंभी डडिया में आठ दिन पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार 1:15 बजे सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 28/29 सितंबर की रात थाना कादीपुर क्षेत्र के कुंभी डडिया स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में प्रिंसिपल मुकेश कुमार सिंह (उम्र 53 वर्ष) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (उम्र 47 वर्ष) की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अखिलेश सिंह की लिखित तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था। पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार यादव (उम्र लगभग 36 वर्ष) निवासी कुंभी डडिया, आशीष यादव उर्फ डब्लू यादव (उम्र लगभग 26 वर्ष) कुंभी डडिया को कादीपुर स्थित बुढ़ाना पुल के पास बड़ी नहर पुलिया से करीब 50 मीटर पूर्व गिरफ्तार किया। आरोपी राकेश कुमार यादव उसी शिक्षण संस्थान में बस चलाने और कंप्यूटर पढ़ाने का काम करता था।राकेश की आर्थिक स्थिति खराब थी, इसलिए उसने अपने पड़ोसी और पट्टीदार आशीष यादव के साथ मिलकर संस्थान में चोरी की योजना बनाई। राकेश को स्कूल, कार्यालय और लगे सीसीटीवी कैमरों की पूरी जानकारी थी। 28 सितंबर की रात चोरी के दौरान अलमारी का लॉकर खोलते समय मृतका विनीता सिंह ने उन्हें देख लिया और विरोध किया। पहचान उजागर होने के डर से राकेश ने पास रखे फावड़े से विनीता सिंह पर वार कर दिया। इसके बाद मुकेश सिंह को भागते देख दोनों अभियुक्तों ने पीछा कर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी भी हत्या कर दी और नकद रुपये, मोबाइल व आधार कार्ड लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 1 रक्तरंजित फावड़ा एवं 1 कुल्हाड़ी। कुल ₹34,960 (राकेश से ₹18,220 तथा आशीष से ₹16,740) मृतका विनीता सिंह का 1 आधार कार्ड तथा अभियुक्तों द्वारा घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User