सुल्तानपुर में पति की हत्या की आरोपी से मारपीट:बच्चों से मिलने नहीं दिया, परिवार ने मुझे फंसाया, चार पर मुकदमा

Oct 19, 2026 - 14:28
0
सुल्तानपुर में पति की हत्या की आरोपी से मारपीट:बच्चों से मिलने नहीं दिया, परिवार ने मुझे फंसाया, चार पर मुकदमा
सुल्तानपुर के किंदीपुर गांव में पति की हत्या के मामले में आरोपी पूजा ने अपने जेठ समेत चार लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद पूजा पहली बार सामने आई और अपनी बात रखी। उसने पति की हत्या के आरोप को गलत बताते हुए परिवार के लोगों पर उसे फंसाने का आरोप लगाया। किंदीपुर गांव में सितंबर 2025 में महेश गौतम की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई गणेश की तहरीर पर पुलिस ने महेश की पत्नी पूजा और उसके कथित प्रेमी जयप्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब नौ महीने बाद जून 2026 में पूजा जमानत पर जेल से बाहर आई। फिलहाल वह अपने मायके परसरामपुर में रह रही है। पूजा ने बताया कि उस पर लगाए गए आरोप गलत हैं। उसका कहना है कि घटना वाले दिन उसने अपने घर, बहन और परिचितों से फोन पर बात की थी। मारपीट करने और गाली देने का आरोप इसी आधार पर उसे उठा लिया गया। उसने अपने पति पर नशा करने, मारपीट करने और गाली देने के आरोप भी लगाए। पूजा के मुताबिक, गांव के प्रधान और अन्य लोगों ने उसे इन बातों को सार्वजनिक रूप से कहने से रोका था। पूजा ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने किंदीपुर के डब्लू पांडेय के यहां काम किया था। वहां मजदूरी के छह से सात हजार रुपये बकाया थे। उसके अनुसार, घटना वाले दिन पैसे को लेकर विवाद होने के बाद उसके पति घर लौटे थे और उन्हें 500 रुपये दिए गए थे। पूजा ने पति की हत्या में अपनी भूमिका से इनकार किया और कहा कि उसके फूफा व जीजा ने उसकी जमानत कराई थी। बैंक से लौटते समय मारपीट का आरोप पूजा ने चार दिन पहले हुई घटना के बारे में बताया कि वह बच्चों को लेने स्कूल नहीं गई थी, बल्कि बैंक में केवाईसी कराने गई थी। उसके अनुसार, गुरुवार को बैंक में नेटवर्क की समस्या के कारण काम नहीं हो पाया। बैंककर्मियों ने उसे अगले दिन आने को कहा। शुक्रवार को वह दोबारा बैंक पहुंची और फॉर्म भरवाकर जमा किया। इसके बाद उसे शेर बहादुर की फ्रेंचाइजी पर जाकर अंगूठा लगाने के लिए कहा गया। पूजा के मुताबिक, फ्रेंचाइजी से उसे बैंक में कोड नंबर डलवाने के लिए कहा गया। बैंक में मौजूद कर्मचारियों से बात करने के बाद वह बाहर निकली और टेंपो में बैठने लगी। तभी उसकी बड़ी बेटी वहां पहुंची और टेंपो रुकवाकर उसका हाथ खींच लिया। पूजा का आरोप है कि इसी दौरान उसके जेठ कैलाश ने डंडे से हमला किया। डंडा पकड़ने की कोशिश में उसके अंगूठे में चोट लगी। इसके बाद कई महिलाओं ने उसे हाथ-मुक्कों से पीटा और बाजार से घर तक ले गईं। पूजा ने बच्चों को अपने साथ ले जाने के आरोप से भी इनकार किया। उसने कहा कि उसने बच्चों से मिलने की कोशिश की थी, लेकिन उसे उनसे मिलने नहीं दिया गया। उसके अनुसार, उसने इस संबंध में आवेदन भी दिया था और पुलिस तथा वकील की ओर से मदद का आश्वासन मिला था। पति की हत्या के आरोपी को लेकर कही यह बात पति की हत्या के सवाल पर पूजा ने कहा कि उसके परिवार के लोगों ने उसे फंसाया है। उसने यह भी कहा कि जिसने हत्या की है, उसके साथ भी वैसा ही होना चाहिए। हालांकि, पति की हत्या के मामले में पूजा और जयप्रकाश के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आरोपों का अंतिम निर्धारण अदालत की प्रक्रिया के तहत होगा। तीन बच्चों की मां है पूजा पूजा के पिता राम हरख मजदूरी करते हैं और मां सोमवारी घर पर रहती हैं। पूजा सात भाई-बहनों में चौथे नंबर पर है। उसकी शादी किंदीपुर गांव में हुई थी। उसकी बड़ी बेटी प्रिया करीब 15 साल की है, जो घटना के समय आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। दूसरी बेटी सुंदरी करीब नौ साल की है और तीसरी कक्षा में पढ़ती है। उसका सबसे छोटा बेटा समर करीब पांच साल का है और स्कूल जाता है। पूजा का मायका और ससुराल करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर हैं। उसने बच्चों से मिलने में परेशानी होने की बात कही है। मामले में पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे और आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User