स्वतंत्रदेव बोले- MLC चुनाव 2027 का सेमीफाइनल:प्रयागराज पहुंचकर मतदाता सम्मेलन की सफलता के लिए झोंकी ताकत
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी ताकत झोंक दी है। गुरुवार को गवर्नमेंट प्रेस मैदान में होने वाले स्नातक मतदाता सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने प्रयागराज पहुंचे प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जीत की रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि स्नातक चुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल है। इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुट जाएं। मतदाता सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इसे सफल बनाने के लिए स्वतंत्र देव सिंह ने जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, एमएलसी अनूप गुप्ता, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष एवं स्नातक चुनाव के सह संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता और अन्य पदाधिकारियों के साथ सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ कार्यक्रम की सफलता की रणनीति बनाई गई। मतदाताओं से लगातार संपर्क करें कार्यकर्ता स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 23 अक्टूबर को मतदान होना है। पार्टी कार्यकर्ता अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की योजना तैयार करें। पोलिंग बूथों पर सक्रियता बढ़ाने के साथ स्नातक मतदाताओं से नियमित संपर्क अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन से लेकर मतदान के दिन तक कार्यकर्ताओं को चैन से नहीं बैठना है। सभी मिलकर मेहनत करें, ताकि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट भाजपा की झोली में आए। महानगर से लेकर गंगापार-यमुनापार तक के जुटेंगे मतदाता भाजपा की ओर से आयोजित सम्मेलन में प्रयागराज महानगर, गंगापार और यमुनापार से बड़ी संख्या में स्नातक मतदाताओं के शामिल होने की तैयारी है। पार्टी का जोर सम्मेलन के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बनाने और मतदान के दिन अधिक से अधिक वोट हासिल करने पर है। भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विवेक मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, शशि वार्ष्णेय, आनंद सोनकर, वंदना सिंह, प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, चंद्रा अहलुवालिया, डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत भदौरिया, राजेंद्र मिश्र, अनिल केसरवानी झल्लर, विजय श्रीवास्तव, दीप द्विवेदी, विश्वास श्रीवास्तव, पार्षद प्रवीण भारतीय, मोहित गुप्ता और सुजीत कुशवाहा समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)