तालाब में मिले युवक की पैनल से हुआ पोस्टमार्टम:रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि, पिता ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने की जताई आशंका

Oct 15, 2026 - 20:50
0
तालाब में मिले युवक की पैनल से हुआ पोस्टमार्टम:रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि, पिता ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने की जताई आशंका
फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र में अचरा के पास तालाब में मिले 28 वर्षीय युवक के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है। गुरुवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। मृतक की पहचान कायमगंज के नगला फॉर्म निवासी रजनीश के रूप में हुई थी। पिता ने बेटे की हत्या कर शव तालाब में फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को घर से निकला, बुधवार को तालाब में मिला शव परिजनों के मुताबिक, रजनीश सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिवार ने उनकी तलाश की। मंगलवार को भी आसपास के इलाकों और फर्रुखाबाद में रेलवे रैक उतरने वाली जगह तक खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद कायमगंज कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। बुधवार को गांव के एक युवक ने परिजनों को अचरा के पास तालाब में शव मिलने की सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान रजनीश के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खेत में धान कटवाने के बाद घर से निकले थे मृतक के पिता ने बताया कि रजनीश सोमवार सुबह खेत में धान कटवाने गए थे। सुबह करीब 11 बजे तक खेत में काम कराने के बाद वह घर लौटे और स्नान किया। इसके बाद दोपहर करीब 2:30 बजे घर से निकल गए। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पिता का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि उनका बेटा तालाब तक कैसे पहुंचा। उन्होंने आशंका जताई कि कोई रजनीश को अपने साथ ले गया और उसकी हत्या करने के बाद शव तालाब में फेंक दिया। पिता के मुताबिक, परिवार की किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रजनीश शादीशुदा थे और उनके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा श्रवण आठ साल का है, जबकि उससे छोटी दो बेटियां हैं। युवक की मौत के बाद पत्नी मंजू देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। कायमगंज कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User