तेज रफ्तार में कार ने टेंपों को उड़ाया:मेरठ में एलआईसी ऑफिस के पास 100 मीटर तक घिसटा, युवती कार छोड़कर फरार
मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया। साकेत पेट्रोल पंप के पास एलआईसी रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने एलआईसी ऑफिस के पास खड़े टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार एक युवती चला रही थी और हादसे के वक्त वह नशे की हालत में थी। कार की रफ्तार करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टेंपो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पलट गया और सड़क पर करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के दौरान फुटपाथ पर लगी बेंच भी टूट गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि हादसे के समय टेंपो चालक टेंपो के अंदर मौजूद नहीं था। टेंपो चालक का नाम विजय बताया जा रहा है, यदि हादसे के वक्त चालक टेंपो में मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद कार चला रही युवती मौके पर कार छोड़कर फरार हो गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस अब कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कार चला रही युवती की पहचान की जा सके। पुलिस हादसे के कारणों और युवती के नशे में होने की बात की भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)