थाई महिला पैसों के लिए इरफान से गिड़गिड़ायी, VIDEO:बोली- मेरे पास खाने को पैसे नहीं, परेशान हूं... 90 वाट्सएप चैट मिली
थाईलैंड की महिला के साथ 60 लाख की ठगी करने के मामले में बुधवार को पुलिस ने दलेलपुरवा निवासी इरफान को जेल भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने पीड़ित थाई महिला के बयान दर्ज किए। इस दौरान महिला ने 4 मिनट 29 सेकेंड का इरफान से बात करते हुए वॉट्सएप कॉल का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इंडिया आने के बाद कई–कई बार फोन मिलाने पर भी इरफान कॉल रिसीव नहीं करता था। पूछने पर कहता कि, मेरी तबीयत खराब है, मैं किसी काम पर बिजी हूं। इस तरह के बहाने बताता था। एक दिन उसने इरफान को वाट्सएप कॉल की, जो उसने रिकॉर्ड कर ली। जिसे सबूत के तौर पर थाई महिला ने पुलिस को सौंपा है। जिसमें पीड़िता इरफान के सामने गिड़गिड़ाते हुए कह रही कि– मेरी जिंदगी में बहुत मुश्किल हैं, बहुत परेशानी में हूं मै…मेरे पास खाने के भी पैसे नहीं हैं। इसके साथ ही थाई महिला अपसॉर्न ने पुलिस को 90 वाट़्सएप चैट भी दी हैं। वाट्सएप चैट में अपसॉर्न व उसकी बहन, इरफान से पैसे वापस करने की बात कह रही है, जबकि इरफान उन्हें तरह–तरह के बहाने बताकर टरका रहा है। इतना ही नहीं इरफान ने अपसॉर्न व उसकी बहन को टरकाने के लिए एक दरोगा का कुर्सी में बैठे हुए फोटो भी भेजा है, जिसमें उसने लिखा है, कि– मेरा अकाउंट फ्रीज हो गया है… मैं पुलिस के पास शिकायत करने आया हूं, जल्द से जल्द अकाउंट अनफ्रीज होने पर पैसा वापस कर दूंगा। वहीं उसने एक चेक की फोटो भी अपसॉर्न की बहन को भेजी है। अब पढ़िए इरफान और अपसॉर्न के बीच वाट्सएप चैट की वीडियो रिकॉर्डिंग इरफान: फिर से सब कुछ... हर बात में सिर्फ पैसे की बात। तुम कुछ और बात नहीं सोचती... तुम और मैं। तुम कुछ भी अलग बात नहीं सोचती। अपसॉर्न: मैं अलग बात कैसे कर सकती हूं, दोस्त? मेरी जिंदगी अभी बहुत मुश्किल में है, बहुत परेशानी में हूं। मुझे हर दिन पैसे देने पड़ते हैं, मेरे पास खाने के लिए भी पैसे नहीं हैं... तुम्हारे पास तो तुम्हारा परिवार है। लेकिन मेरे पास यहां कोई नहीं है... इरफान: यह सही नहीं है। मेरी भी बहुत सी परेशानियां हैं, लेकिन मैं तुमसे शेयर नहीं कर रहा हूं, क्योंकि कोई नहीं सुनता, तुम भी मेरी बात नहीं सुनती हो... क्योंकि तुम गुस्सा हो। अपसॉर्न: मैं तुम्हारी बात कैसे सुनूं? तुम्हारे पास अपने दोस्तों के लिए समय है। तुम सबको टेक्स्ट करते हो, तुम सबकी स्टोरी देखते हो... सब मुझे बताते हैं, समझे? सब मुझे बताते हैं। इरफान: नहीं... अपसॉर्न: तुम इतना झूठ क्यों बोलते हो? इरफान: मैं झूठ नहीं बोल रहा हूँ... मेरी बात सुनो। पहले अपनी भाषा सुधारो। तुम सामान्य तरीके से बात करो, मैं तुम्हारी बात सुनूंगा। लेकिन तुम गलत भाषा का इस्तेमाल करती हो, और इसलिए मैं कभी कोई जवाब नहीं देता। अपसॉर्न: अगर तुम मुझे जवाब नहीं दोगे, तो मैं तुम्हारे पास आऊंगी। मैं तुम्हारी भी बात नहीं सुनूंगी। मुझे यह कहना पड़ेगा, यही मेरा तरीका है। तुम मेरे साथ गलत कर रहे हो। मुझे तुम्हारे लिए हर महीने, हर हफ्ते पैसे देने पड़ते हैं। तुम बस यह कह देते हो कि मेरे पास पैसे नहीं हैं, नहीं हैं... तुमने कभी कोशिश ही नहीं की। तुम एक पुरुष हो, समझे, तुम पुरुष हो, लेकिन जब मैं काम करती हूं, तो मैं तुम्हारे लिए पैसे दे सकती हूं, पर तुम नहीं दे सकते। अपसॉर्न: तुम पुरुष हो, तुम्हें इस बारे में सोचना चाहिए। मैं तुम्हारे लिए काम कैसे कर सकती हूं? मैं एक औरत हूं... मैं तुम्हारे लिए सब कुछ पे करती हूं। मैं बस यह जानना चाहती हूं कि तुम मेरे पैसे कब वापस करोगे। मैंने तुम्हें सब समझाया, ठीक है? अगर तुम्हारे पास उतना बड़ा अमाउंट नहीं है, तो तुम्हें मेरे पूर्व पति के पैसे लौटाने होंगे। अगर तुम नहीं लौटाओगे, तो मुझे एक्सट्रा पैसे भरने पड़ेंगे... सोचो मुझे कितना पे करना पड़ रहा है। मेरे पास और भी समस्याएं हैं, मुझे कमरे का किराया देना है, अपनी बेटी की बाइक के पैसे देने हैं... अभी सब कुछ मेरे कंधों पर है। पर तुम बस कह देते हो कि अभी तुम्हारे पास पैसे नहीं हैं। तुमने मुझे कभी कोई पैसा नहीं दिया, शायद 5,000 या 10,000 भी नहीं, तुमने कभी मुझसे पूछा भी नहीं। तुम ऐसे कैसे हो सकते हो? मुझे कभी नहीं पता था कि तुम ऐसे निकलोगे। अपसॉर्न: जब मैं तुम्हें टेक्स्ट करती हूं, तुम जवाब नहीं देते। पर उसी समय तुम्हारे पास केके को टेक्स्ट करने का टाइम होता है, उम को टेक्स्ट करने का टाइम होता है, मेरे एजेंट को टेक्स्ट करने का टाइम होता है। तुम झूठ कैसे बोल सकते हो? इरफान: रुको, रुको, रुको... मुझे पता है, केके की बात शायद एक या दो महीने पुरानी है। अब की बात नहीं है, लगभग दो महीने पहले की है। मैंने उसे कोई मैसेज नहीं किया, मैंने सिर्फ स्टोरी देखी थी, बस इतना ही। मैंने उसे मैसेज नहीं किया। अपसॉर्न: अच्छा। इरफान: ठीक है, लेकिन हमने बात की थी, उसने मुझे कहा था कि अफसोन... मैं बात करना चाहता हूं। अफसोन की भी बहुत सी समस्याएं हैं, मुझे पता है। मेरी वजह से उसे परेशानी है, और मेरी खुद की भी बहुत ज्यादा परेशानियां हैं। इसीलिए उसे परेशानी हो रही है, ठीक है? और उम... उम का मुझे लगता है 6-7 महीने पहले की बात है। ठीक है, सुनो... अपसॉर्न: तुम झूठ बोल रहे हो, अगर तुम मुझे कुछ नहीं दोगे, तो मैं आऊंगी, चिंता मत करो, मैं आऊंगी। मुझे यकीन है कि मैं आऊंगी। इरफान: ठीक है, तुम आओ। आओ फिर देखते हैं। तुम्हें लगता है तुम आओगी और मैं तुम्हें पैसे दे दूंगा, तो आ जाओ। अपसॉर्न: तुमने मेरे लिए परेशानी खड़ी की है, तो मैं भी तुम्हारे लिए परेशानी खड़ी करूंगी। अब पढ़िए क्या है इरफान, अपसॉर्न की बहन के बीच हुई बातचीत अपसॉर्न की बहन: मुझे अपने पैसे का इंतजार करना है ? इरफान: मेरे हिसाब से आपका बैलेंस 2,66,000 (थाई मुद्रा) है इरफान: मुझे पता है कि यह आपके पैसे हैं, ठीक है अपसॉर्न की बहन: मैं कोई बैंक नहीं हूं, और न ही आपने मुझसे पैसे उधार लिए हैं इरफान: मुझे पता है। प्लीज बहन, मेरी पत्नी को बार-बार फोन न करें, प्लीज अपसॉर्न की बहन: मैंने उसके (अपसॉर्न) अकाउंट में पैसे डाले हैं। वह मेरे पैसे इस्तेमाल नहीं कर सकती, उसे मेरे सारे पैसे मुझे वापस करने होंगे। इरफान: चिंता मत कीजिए बहन, मेरे कस्टमर ने कन्फर्म कर दिया है। वह आज मुझे पेमेंट ट्रांसफर कर देंगे। अपसॉर्न की बहन: ठीक है, आप मुझे पैसे कब देंगे? इरफान: बहन, चिंता मत कीजिए, आपको आज या कल में पैसे मिल जाएंगे। मुझे पता है कि मैंने कहा था कि मैं बात करूंगा। मेरे पास अभी भी एक दिन है क्योंकि वे कल आएंगे। मैं आपकी बात हमेशा सुन रहा हूं। बहन, मैं आपकी परेशानी समझता हूं। मैं अपनी पत्नी (अपसॉर्न) को पैसे भेज रहा हूं। मैं आपको कल किसी तरह पैसे दे दूंगा, क्योंकि मुझे भी कई खर्चे पूरे करने हैं। इरफान: बात ऐसी है कि आपको यह मुझसे लेना है, लेकिन मुझे भी किसी से पेमेंट लेना है, तो हम सब एक लाइन में हैं। जैसे ही यह मेरे पास आएगा, मैं आपको दे दूंगा, ठीक है? मुझे पता है कि आपको इस तारीख को लेकर कुछ दिक्कतें हो रही हैं और आपके पति भी परेशान हो रहे हैं। मैं समझता हूं, लेकिन मुझे भी इसे पूरा करने में मुश्किल हो रही है। इसीलिए मैं आपको यह नहीं दे पा रहा हूं। मैं कोशिश करूंगा, कि इस महीने जल्द से जल्द आपके लिए यह काम पूरा कर दूं। इरफान: बहन, एक समस्या हो गई है। आपको आपके पैसे वापस मिल जाएंगे। मेरी पत्नी (अपसॉर्न) अस्पताल में है, प्लीज उसे मैसेज न करें। प्लीज थोड़ा इंतजार करें। एक बार जब मैं आपको इतने पैसे दे दूंगा, तो कुछ समय में उसे भी दे दूंगा। मेरी तरफ से कुछ अंदरूनी समस्या थी, जिसकी वजह से मेरे पैसे फ्रीज हो गए। मेरे अकाउंट से पैसे कट गए, लेकिन वे फ़्रीज हो गए हैं। ठीक है, मुझे थोड़ा समय दें और मैं आपके पैसे वापस कर दूंगा। लेकिन प्लीज उन्हें कॉल न करें, वे पहले से ही अस्पताल में हैं। अपसॉर्न की बहन: मैं इसे और नहीं झेल सकती, मेरे पति पैसे वापस मांग रहे हैं। इरफान: मैं सिस्टम से कोई वादा नहीं कर रहा हूं। मैं पिछले पांच-छह दिनों से पुलिस स्टेशन जा रहा हूं, क्योंकि मेरे पैसे कहीं फंसे हुए थे। मैं उसी सिलसिले में वहां लगातार जा रहा हूं। यह कहने के बाद इरफान ने अपसॉर्न की बहन को दो फोटो भी भेजी है। एक फोटो में एक दरोगा कुर्सी पर बैठे है, जबकि दूसरी तस्वीर में एक महिला व पुरुष सिविल ड्रेस में कंप्यूटर पर कुछ काम करते हुए दिख रहे हैं…. इरफान: मेरी 18 लाख रुपये की डील चल रही थी, और मुझे 10 लाख रुपये मिलने वाले थे, लेकिन वह मुझे सिर्फ 5 लाख रुपये ही दे रहा था। आज मैंने मना कर दिया। वरना, मैं आज आपको 10 लाख रुपये दे देता। बहन, किसी ने भी मेरा उतना साथ नहीं दिया जितना आपने दिया है, और न ही किसी ने मुझे उतना समय दिया है जितना आपने दिया है। बस मुझे थोड़ा और समय दीजिए। मुझे पता है। क्योंकि मैं आपको वॉइस कॉल पर अंग्रेजी में ठीक से समझा नहीं सकता। लेकिन आज मुझे जो लगा, वह 18 लाख रुपये की बात थी। मैं उससे तुरंत 10 लाख रुपये मांग रहा था, लेकिन वह मुझे 5 लाख रुपये ही दे रहा था। इसीलिए मैंने उसे रोक दिया। अपसॉर्न की बहन: मैंने पहले ही कोर्ट में शिकायत कर दी है इरफान: प्लीज,प्लीज अपसॉर्न की बहन: आप जितना दे सकते हैं, उतना दीजिए,आपने क्यों रोका? इरफान: मुझे पता है कि आपने मुझे बहुत समय दिया है, लेकिन… इरफान: प्लीज,प्लीज अपसॉर्न की बहन: आप जितना दे सकते हैं, उतना दें, आप क्यों रुक गए? इरफान: मुझे पता है कि आपने मुझे बहुत समय दिया है। लेकिन मेरी डील 1.8 मिलियन की थी। बस थोड़ा और समय दे दीजिए। प्लीज अपसॉर्न की बहन: मैंने आपको पहले ही बहुत समय दे दिया है। इरफान: प्लीज, थोड़ा और, प्लीज विनम्र निवेदन, प्लीज, गुजारिश है… आखिरी बार इरफान: बहन, जिनसे मुझे 10 लाख रुपये लेने थे, वे आज मुझे 5 लाख रुपये दे रहे हैं। इसलिए मैंने मना कर दिया। मैंने उनसे कहा, इसे एक-दो दिन और रख लीजिए। आप सोमवार या मंगलवार तक रख सकते हैं, लेकिन मुझे पूरे 10 लाख रुपये ही दीजिएगा। अपसॉर्न की बहन: आप मुझे 5 लाख रुपये भी दे सकते हैं। अगर मैं आज उनसे 5 लाख रुपये ले लेती, तो वे उसे 1 हफ्ते में जमा कर देते।और 2-3 दिन बाद आप मुझे बाकी पैसे दे सकते हैं। लेकिन आपने ऐसा नहीं किया, आपने मुझे बहुत मुश्किल में डाल दिया है। इरफान: मैं बैंक में हूं। प्लीज उनसे बात कीजिए। मेरे अकाउंट से इंटरनली कुछ डेबिट हुआ है। कहीं पर फ़्रीज हो गया है और यह इंटरनल सर्वर में अटका हुआ है। वे कह रहे हैं, प्लीज़ मुझे थोड़ा समय दीजिए। मैं इसे ठीक कर रहा हूं और यह आज हो जाएगा। इसके बाद इरफान ने कीबोर्ड की फोटो अपसॉर्न की बहन को भेजी थी। अब पढ़िए अपसॉर्न ने क्या लिखा FIR में… अपसॉर्न ने दलेलपुरवा निवासी इरफान, उसके पिता चांद व पार्टनर रेहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में पीड़िता ने बताया कि उसकी जान पहचान 2022 में इंस्टाग्राम के जरहए दलेलपुरवा निवासी इरफान ससे हुई, जिसके बाद इरफान हर दो महीने के बाद उससे मिलने के लिए थाईलैंड आता था। वह एक सी–फूड रेस्टोरेंट का संचालन करती है, जो कि पटाया बीच पर स्थित है। पीड़िता ने बताया कि इरफान का रेस्टोरेंट में भी आना–जाना था। 22 अप्रैल 2025 को अपसॉर्न के घरवालों की मौजूदगी में बौद्ध धर्म रीति–रिवाजों के साथ शादी हुई। शादी के तीन माह बाद तक इरफान अपने कारोबार में पैसा लागने की बात कहकर थाईलैंड से कैश रुपए लेकर जाता था और भारत वापस आने पर एजेंट के जरिए थाई करेंसी भारतीय मुद्रा में कनवर्ट कराता था। पीड़िता के मुताबिक इरफान ने कुछ पैसा अपने दोस्त रेहान को देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से थाईलैंड में ही रेहान से झूठा झगड़ा किया, इसके बाद उससे पैसे लिए। पीड़िता ने बताया कि उसने कुल 60 लाख रुपए इरफान को दिए। इसके बाद न ही इरफान थाईलैंड गया और न ही उसका फोन उठाया। जब वह फोन करती तो कभी–कभी इरफान फोन उठाता और उससे कहता कि– तुम इस्लाम धर्म अपना लो और भारत आ जाओ तो तुम्हारा पैसा भी वापस कर दूंगा, लेकिन मैने बौद्ध धर्म छोड़ने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद इरफान ने उसका मोबाइल नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया, जिसके बाद 5 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह लोगों से जानकारी करते हुए इरफान के घर पहुंची। घर पहुंचने पर जानकारी हुई कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। विरोध करने पर इरफान ने उसके मुंह पर जबरन हिजाब पहनाते हुए कहा कि– मुस्लिम धर्म अपनाओ और निकाह करो। विरोध करने पर इरफान व उसके पिता चांद ने उसके साथ गाली–गलौज करते हुए मारपीट की और घर से भगा दिया। घटना के बाद पीड़िता को धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)