टीजीटी अंग्रेजी और हिन्दी के परिणाम जारी, 1114 अभ्यर्थी चयनित:शिक्षा सेवा चयन आयोग ने कटऑफ और आंसर-की भी अपलोड की
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) भर्ती-2022 के तहत अंग्रेजी विषय का अंतिम चयन परिणाम और हिन्दी विषय का संशोधित चयन परिणाम शुक्रवार की देर शाम जारी कर दिया। इसके साथ ही दोनों विषयों के लिए 1114 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनकी कटऑफ और अंतिम उत्तर कुंजी भी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी अब अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्राप्तांक देख सकते हैं। हालांकि, प्राप्तांक देखने के लिए उपलब्ध लिंक केवल एक सप्ताह तक सक्रिय रहेगा। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या 01/2022 के तहत प्रशिक्षित स्नातक के 3,539 पदों पर चयन प्रक्रिया के क्रम में अभिलेख सत्यापन कराया गया था। निर्धारित तिथि के साथ आयोग की ओर से दी गई अतिरिक्त तिथि पर भी सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन और चयन निरस्त कर दिया गया है। इसके बाद नियमानुसार अंग्रेजी विषय का अंतिम चयन परिणाम जारी किया गया। इसमें 557 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं हिन्दी विषय के परिणाम में संशोधन कर नया परिणाम घोषित किया गया है। इसमें भी रिक्त पदों को सापेक्ष 557 में अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। अंग्रेजी और हिन्दी दोनों विषयों के अभ्यर्थियों के लिए कटऑफ अंक और अंतिम उत्तर कुंजी भी जारी की गई है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर जाकर संबंधित विवरण देख सकते हैं। आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार, प्राप्तांकों का विस्तृत विवरण देखने के लिए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक खोलकर अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। यह सुविधा परिणाम संबंधी विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से एक सप्ताह तक ही उपलब्ध रहेगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि दोनों विषयों के चयन परिणाम उच्च न्यायालय में दायर विभिन्न याचिकाओं में पारित होने वाले अंतिम आदेशों के अधीन होंगे। प्राप्तांक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाने के कारण इनके संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत अलग से सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)