ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, मामा की मौत:भांजा गंभीर घायल, कानपुर देहात में कांधी बैरियर के पास हुआ हादसा
कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार मामा की मौत हो गई, जबकि उनका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांधी बैरियर के पास हुआ। दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बरौर थाना क्षेत्र के केशी गांव निवासी दिलशाद (30) टाइल्स मिस्त्री का काम करते थे। उनका भांजा इरशाद (22) भी उनके साथ काम करता था। गुरुवार को दोनों बाइक से जा रहे थे। कांधी बैरियर के पास पहुंचते ही सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त, दोनों सड़क पर गिरे टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दिलशाद और इरशाद सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने दिलशाद को रात में ही मृत घोषित कर दिया। वहीं इरशाद का इलाज जारी है। दिलशाद की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया। उनकी मां हसीना समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन साल पहले पिता की हुई थी मौत परिजनों के अनुसार, करीब तीन साल पहले दिलशाद के पिता इब्राहिम का निधन हुआ था। दिलशाद पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे और उनकी छह बहनें हैं। परिवार के मुताबिक, हादसे के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने शुक्रवार सुबह बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरे घायल का इलाज चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत और घटना के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)