ट्रेन की चपेट में आने से छात्रा की मौत:सोनभद्र में मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी
सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव में मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से 16 वर्षीय इंटर की छात्रा शाहिना परवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटी की मौत की सूचना पर परिजन बदहवास होकर अस्पताल पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, दीघुल गांव निवासी शाहिना परवीन पुत्री मुराद अंसारी दुद्धी स्थित बालिका इंटर कॉलेज में इंटर की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को वह शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। रेलवे कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस घटना के बाद रेलवे विभाग के कर्मचारियों ने पीआरबी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर आई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही बिलख पड़े परिजन शाहिना की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन भागते हुए अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जिस बेटी को परिवार ने बेहतर भविष्य के सपनों के साथ पढ़ने के लिए भेजा था, उसकी मौत से घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि शाहिना चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसके परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि पीआरबी पुलिस से घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर छात्रा को सीएचसी दुद्धी लाया गया था। वहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि छात्रा शौच के लिए घर से निकली थी और इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गई। पुलिस ने शव को सीएचसी दुद्धी के मर्चरी हाउस में रखवाकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)