ट्रक ड्राइवर ने कार सवार को कुचलने की कोशिश की:थानाध्यक्ष पर भी ट्रक चढ़ाने का प्रयास, टोल बैरियर तोड़ा; आरोपी गिरफ्तार
हरदोई में बघौली रेलवे क्रॉसिंग पर विवाद के बाद कार सवार को कुचलने की कोशिश करने वाले ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने पीछा कर रही पुलिस टीम की गाड़ी पर भी ट्रक चढ़ाने की कोशिश की और टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर भाग निकला। थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बुधवार शाम 5:41 बजे गिरफ्तारी की जानकारी दी। आगे निकलने की होड़ में कार चालक से हुआ विवाद आरोपी की पहचान विकास राठौर निवासी सलेमपुर राय, थाना बेहटा गोकुल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात बेनीगंज की ओर से आ रहे ट्रक चालक विकास राठौर की बघौली रेलवे क्रॉसिंग पर वैगन-आर कार के चालक से आगे निकलने की होड़ में नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इसके बाद विकास ने कार सवार को जान से मारने की नीयत से उस पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की और मौके से भाग निकला। पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी में मारी टक्कर कार सवार को टक्कर मारने की सूचना पर बघौली थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी पुलिस टीम के साथ सरकारी गाड़ी से ट्रक का पीछा करने लगे। आरोप है कि इस दौरान चालक ने पुलिस की गाड़ी और एसएचओ पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, सरकारी गाड़ी चला रहे हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर भागा पुलिस के मुताबिक, चालक इसके बाद भी नहीं रुका। वह बल्लीपुर टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर अशरफाबाद की ओर भाग निकला। पीछा कर रही पुलिस टीम ने अशरफाबाद के पास ट्रक को घेरकर रोक लिया। वाहन रुकते ही आरोपी भागने लगा। पुलिस ने करीब 35 कदम तक पीछा करने के बाद मंगलवार रात 9:35 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस पुलिस ने विकास राठौर के खिलाफ हत्या के प्रयास और ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारियों को धमकाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)