तुम मारो वीडियो बनाता हूं, शिवम आखिरी बार बोला:गोरखपुर में चचेरे भाइयों ने मारी गोली, बहन बोली- पुलिस बनना चाहता था भाई
तुम मारो मैं वीडियो बना रहा हूं, 26 साल का शिवम उर्फ आदर्श पांडेय मरने से पहले मोबाइल से रिकॉर्ड करते हुए यह बोला था। यह सुनते ही 60 साल और 63 वर्षीय बुजुर्ग चचेरे भाइयों ने लाइसेंसी बंदूक से दिन दहाड़े पीठ पर गोली मारी थी। गोली पीठ से होते हुए सीना चीर कर बाहर निकल गई। घटनास्थल पर ही शिवम खून से लथपथ हाल में गिरा तो फिर नहीं उठ पाया। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। फिर दोनों बुजुर्ग भाई बंदूक लहराते हुए फरार हो गए। वहीं रोते हुए मृतक की बहन बोली, 12वीं पास कर मेरा भाई पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। बड़े पापा के लड़कों ने मार डाला। घटना हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव में गुरुवार सुबह 10:30 बजे की है। हरपुर बुदहट थाने में शाम को मृतक की बहन मधु पांडेय की तहरीर पर बड़े पिता के लड़के 60 साल के लवकुश पांडेय और 63 वर्षीय राधेश्याम पांडेय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक का मोबाइल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। उसमे घटना के समय के कुछ वीडियो भी रिकॉर्ड हुए हैं। पुलिस की 5 टीमें आरोपी भाइयों की तलाश में जुट गई हैं। अब जानिए पूरा मामला मेथौली निवासी सुदामा पांडेय उर्फ गामा का करनपुरा गांव में नेवासा है। उनके बड़े भाई स्व. राम पलट के लड़के राधेश्याम पांडेय उर्फ रधई और लवकुश पांडेय करनपुरा में रहकर खेती-बारी करते हैं। वहां पर सुदामा की भी जमीन है। जिसको लेकर सुदामा और राधेश्याम के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी बीच सुदामा की मौत हो गई तो उनका छोटा बेटा 26 वर्षीय शिवम पांडेय खेती का काम देखने लगा। गुरुवार सुबह शिवम मेथौली से 3 किमी दूर करनपुरा स्थित अपने हिस्से के खेत की जुताई कराने ट्रैक्टर लेकर पहुंचा था। इसी दौरान उसके चचेरे भाई राधेश्याम पांडेय उर्फ रधई ने खेत जोतने से मना किया। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। विवाद होता देख ट्रैक्टर लेकर ड्राइवर वहां से चला गया। लवकुश के ललकारने पर मारी गोली सुबह करीब 10:30 बजे बजे रधई का एक अन्य भाई लवकुश भी मौके पर पहुंच गया और उसने अपने भाई को गोली मारने के लिए ललकारा। तब शिवम मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगा। तभी राधेश्याम ने शिवम पर गोली चला दी। गोली उसके पीठ में लगी। शिवम कुछ दूर भागा भी, लेकिन पुलिया के पास पहुंचते ही सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। घटना की सूचना पर सीओ गीडा समेत हरपुर बुदहट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को लेकर सीएचसी सहजनवा पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बंगलूरू से भाइयों के आने पर होगा पोस्टमार्टम मृतक शिवम के दो बड़े भाई शिव कुमार पांडेय और दुर्गा पांडेय बंगलुरू में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उसकी चार बहनें गिरजा, रंजीता, महिमा और मधु हैं। इसमे दो बहनों गिरजा और रंजीता की शादी हो चुकी है। मेथौली गांव में शिवम गांव में मां कृष्णावती देवी और बहनों के साथ रहता था। सुबह उसकी मौत की सूचना पर मिलने पर 3 किमी दूर चीखते चिल्लाते मां और बहन पहुंची। शिवम की हालत देखकर मां वहीं पर अचेत होकर गिर गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी में भिजवा दिया। बंगलूरू में रहने वाले दोनों भाइयों से कॉल कर पुलिस ने बात की। दोनों भाइयों ने अपने सामने पोस्टमार्टम कराने की इच्छा जाहिर की। इसलिए शुक्रवार को शिवम के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस की तैयारी कर रहा था शिवम मृतक की बहन मधु ने बताया कि शिवम 12वीं तक पढ़ा था। वह घर और खेत का सारा काम करता था। इसके साथ ही वह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। इसके लिए प्रतिदिन वह दौड़ता था। हमेशा कहता था पुलिस बनकर दोनों बहनों की धूमधाम से शादी करूंगा। हत्यारोपी की भाग चुकी है पत्नी पुलिस के मुताबिक, हत्यारोपी राधेश्याम के बुरे व्यवहार की वजह से उसकी पत्नी बेटे को लेकर घर से भाग गई थी। इसके बाद वह मायके में रहने लगी। वहीं पर उसकी मौत हो गई। उसका बेटा भी पिता से कोई मतलब नहीं रखता है। दूसरे आरोपी लवकुश की भी पत्नी मर चुकी है। घर पर केवल दोनों भाई ही रहते थे। इसमे राधेश्याम सिरफिरा था। वह अजीत हरकतें करता था। हमेशा गुस्से में रहता था। एसपी नार्थ राजेश घुनावत ने बताया मृतक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने राधेश्याम और लवकुश पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की पांच टीमे उनकी तलाश में संदिग्ध स्थलों पर दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)