त्योहार से पहले छापेमारी का व्यापारियों ने किया विरोध:जिला मुख्यालय पर धरना देकर डीएम को ज्ञापन दिया, उत्पीड़न रोकने की मांग
फिरोजाबाद में त्योहारों से पहले व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर हो रही छापेमारी के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया। दोपहर 1 बजे व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और छापेमारी पर रोक लगाने के साथ ही व्यापारियों का उत्पीड़न बंद कराने की मांग उठाई। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना था कि त्योहारों के दौरान बाजारों में कारोबार बढ़ता है। ऐसे समय में व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी होने से व्यापारियों में भय और असंतोष का माहौल बन रहा है। व्यापारियों ने कहा कि जांच के नाम पर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। नियमों के तहत कार्रवाई करने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन त्योहार से ठीक पहले छापेमारी कर व्यापारियों को परेशान करना उचित नहीं है। धरना-प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए छापेमारी की कार्रवाई रोकी जाए और किसी भी व्यापारी का बेवजह उत्पीड़न न होने दिया जाए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है। जिला मुख्यालय पर हुए इस प्रदर्शन के जरिए व्यापारियों ने साफ संदेश दिया कि त्योहारों के समय कारोबार में बाधा और उत्पीड़न को लेकर वे चुप बैठने वाले नहीं हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)